सिकंदराराऊ। जिले में लूट की वारदातों का सिलसिला रुक नहीं रहा। कोतवाली सिकंदराराऊ के गांव नगला जमुनी के बाहर रविवार की दोपहर को ट्रैक्टर-ट्रॉली में बिल्डिंग मैटेरियल लादकर ले जा रहे ट्रैक्टर चालक को बदमाशों ने गोली मार दी और ट्रैक्टर टॉली लूटकर ले गए। घायल को बेहद गंभीर हालत में अलीगढ़ के जेएन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया है।
जानकारी के अनुसार नगर के जीटी रोड पर नीरज अग्रवाल की बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान है। रविवार की दोपहर को एक ग्राहक उनकी दुकान पर आया और एक ट्रॉली बालू खरीद कर ट्रैक्टर से कोतवाली के गांव नगला जमुनी पहुंचाने को कहा। दुकानदार ने पेमेंट लेकर माल लदवाया और ग्राहक के साथ नगला जमुनी रवाना कर दिया।
शाम करीब चार बजे गांव भुर्रका से पहले कई युवक खड़े हुए थे। बताते हैं कि इन युवकों ने ट्रैक्टर रुकवा कर चालक प्रकाश यादव निवासी गांव फुलरई पर तमंचे तान दिए और ट्रैक्टर छीनने की कोशिश की। बदमाशों ने प्रकाश की जेब में रखे कुछ रुपये भी निकाल लिए।
प्रकाश ने घटना का विरोध किया तो बदमाशों ने उसे दो गोली मारीं। एक गोली से उसका कान उड़ गया और दूसरी गोली उसके सिर में पीछे लगी। गोली लगते ही प्रकाश गिर गया और तड़पने लगा। तत्काल प्रकाश को सिकंदराराऊ लाया गया। जहां से कि गंभीर हालत को देखते हुए अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। समाचार लिखे जाने तक मामले की रिपोर्ट दर्ज नहीं हो पाई थी।