फरसौटी के टायर गोदाम में लगी आग।
- फोटो : अमर उजाला
हाथरस। मुरसान क्षेत्र के गांव फरसौटी में कबाड़ के टायर के गोदाम में सोमवार की दोपहर को अचानक से आग लग गई, जिसके बाद ग्रामीणों में हा-हाकार मच गया। ग्रामीणों के सहयोग से काफी कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
कोतवाली मुरसान के गांव फरसौटी में छोटेलाल पुत्र रामचंद्र का गांव में पुराने टायरों का गोदाम है, जिसमें पुराने टायरों को काटने का काम किया जाता है। सोमवार की दोपहर को करीब तीन बजे गोदाम में आग लग जाने से गांव में हड़कंप मच गया। गांव के लोग बाल्टी में पानी लेकर आग बुझाने के लिए दौड़े, लेकिन देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।
कुछ देर बाद ही फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंच गई। आग लगने के पीछे छोटे लाल ने बताया कि बराबर में कूड़े के ढेर में आग लगी हुई थी। वहां से आग गोदाम में पहुंच गई। आग में हजारों रुपये कीमत के कबाड़े के टायर जलने की बात कही जा रही है।