शहर की शिव कॉलोनी निवासी प्रमोद देवी से जेल में बंद उनके पति और बेटे को रिहा कराने का लालच देकर एक ठग ने हजारों की ठगी कर ली। प्रमोद देवी रघनियां में अपने परिजनों के यहां गई थीं। वहां से वह तालाब चोराहे तक टेंपों से पहुंची और अपनी रायतपुर, इगलास निवासी बहन के यहां जाने के लिए इगलास अड्डे बस पकड़ने के लिए पैदल जा रही थीं।
इस दौरान ठग ने उन्हें बातों में उलझा लिया। प्रमोद देवी के पति और बेटे हत्या के एक मामले में जेल में हैं। आरोपी को जब यह पता चला तो उसने महिला को पति और बेटे की रिहाई का भरोसा दिलाया और एक अधिकारी से मिलवाने की बात कहकर महिला को बागला जिला अस्पताल ले आया। इसके बाद महिला से तीन हजार रुपये ले लिए और कुछ देर आने की बात कहकर मौके से रफू चक्कर हो गया।
ठगी का अहसास होने पर महिला रोने-बिलखने लगी। महिला ने फोन कर परिजनों को बुलाया। इससे पहले भी बागला जिला अस्पताल में इस तरह की ठगी की कई वारदातें हो चुकी हैं। 15 दिन पहले हाथरस जंक्शन के गांव हाजीपुर की सरला का पर्स काटकर हजारों रुपये और मोबाइल फोन चोरी कर लिया गया था।