हाथरस। विद्युत विभाग के प्राइवेट गोदाम के बाहर रखा लाखों का तार शनिवार दोपहर बाद चोरी हो गया। हैरत की बात यह है कि दिनदहाड़े जिस वाहन में चोर तार को रखकर ले जा रहे थे, वह वाहन वहीं खराब हो गया और उसे सही होने में पूरा डेढ़ घंटा लग गया। इस दौरान गोदाम का चौकीदार भी मौजूद था। चौकीदार के मुताबिक उसे लगा कि विभाग के कर्मचारी ही तार को लोड कर ले जा रहे हैं। पुलिस ने चौकीदार को हिरासत में ले लिया है।
विद्युत विभाग का प्राइवेट गोदाम सड़क के नगला में हैं। नवलनगर में अंडर ग्राउंड केबल डालने के लिए लाखों की कीमत के तार मंगाए गए थे। यहां नोएडा की कंपनी टेक्नोक्राफ्ट कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड के कर्मचारी काम कर रहे हैं। इसी कार्य के लिए मंगाया गया 30 क्विंटल वजन का 515 मीटर तार का एक बंडल गोदाम से कुछ दूरी पर रखा हुआ था। बाकी बंडल कर्मचारी लोड कर ले जा चुके थे। शनिवार दोपहर को चौकीदार मोहनलाल जब ड्यूटी पर पहुंचा तो एक मेटाडोर में कुछ लोग तार को लोड कर चुके थे।
मोहनलाल ने जब पूछा कि तार को कहां ले जा रहे तो उन्होंने कहा कि नोएडा के पास कहीं काम चल रहा है। चोरों को विद्युत कर्मचारी समझने के बाद चौकीदार ने ज्यादा पूछताछ नहीं की और न ही अपने अधिकारियों को इससे अवगत कराया। मेटाडोर खराब होने के बाद चोर आराम से डेढ़ घंटे तक इसे सही करने में लगे रहे और बाद में उसे ले गए।
जानकारी होने पर स्टोर इंचार्ज राकेश त्यागी ने हाथरस गेट पुलिस से शिकायत की। उन्होंने बताया है कि 515 मीटर तार की कीमत करीब आठ लाख रुपये थी। इस संबंध में थाने के एसएसआई शेर बहादुर सिंह का कहना है कि यह मामला चोरी का नहीं, बल्कि अमानत में खयानत का है। चौकीदार से पूछताछ की जा रही है। इसके बाद मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।