चालक की लापरवाही से लखनऊ से अहमदाबाद जाने वाली ट्रेन बुधवार को दुर्घटनाग्रस्त होने से बच गई। यह ट्रेन गलती से रेड सिग्नल को पार कर गई, जिसके बाद इस ट्रेन को करीब आधा घंटे के लिए सिकंदराराऊ स्टेशन पर खड़ा करना पड़ा। आधा घंटे बाद लिखा-पढ़ी हुई। तब जाकर इस ट्रेन को गंतव्य की ओर रवाना किया जा सका। इस दौरान करीब आधा घंटे के लिए फाटक बंद होने से जीटी रोड और अन्य मार्गों पर जाम लग गया और वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं।
बता दें कि स्टेशन के आसपास रेलवे ट्रैक पर काम होने के कारण आने-जाने वाली गाड़ियों को कॉशन से गुजरना पड़ता है। बुधवार की सुबह साढ़े आठ बजे अहमदाबाद से लखनऊ जा रही 19402 लखनऊ-अहमदाबाद एक्सप्रेस ट्रेन स्टेशन पर रेड सिग्नल को तोड़ती हुई आगे निकल गई। ट्रेन चालक को जब गलती का अहसास हुआ तो वह घबरा गया। इधर, रेड सिग्नल टूटने से स्टेशन के कंट्रोल रूम में खलबली मच गई। स्टेशन मास्टर जीके सिंह ने तत्काल कंट्रोल रूम से संपर्क साधा और पूरी स्थिति की जानकारी दी।
इस तरह आधा घंटे के ट्रेन खड़ी रही। जब ऊपर से लाइन क्लियर हुई। तब कहीं जाकर ट्रेन गंतव्य की ओर रवाना हुई। इस दौरान पुरदिलनगर, जीटी रोड तथा गढ़ी बुद्धू खां के फाटक बंद रहे। इनके बंद होने से अलीगढ़, एटा, कासगंज और हाथरस मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। दोपहर तक जाम से हालात गंभीर रहे। स्टेशन मास्टर ने बताया कि लाइन पर काम के चलते कॉशन लगाया गया था। इस कारण ट्रेन खड़ी रही, जबकि प्रत्यक्षदर्शियों का स्पष्ट कहना था कि कॉशन नहीं लगा था, फिर भी ट्रेन रेड सिग्नल की अनदेखी कर आगे निकल गई।