शादी समारोह में गोमांस मिलने की अफवाह से कस्बे में तनाव फैल गया। हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने इस पर तीखा आक्रोश जताया है। यह कार्यकर्ता इस घटनाक्रम की शिकायत उच्चाधिकारियों से करने जा रहे हैं।
क्षेत्र के एक गांव में 11 फरवरी को एक व्यक्ति की बेटी का निकाह होना तय था। विवाह में हिंदू-मुस्लिम दोनों समुदाय के लोग पहुंचे थे। अलीगढ़ से शादी समारोह के लिए दुकान से मीट खरीदकर लाया गया था। मीट की सफाई करते हुए इसका फोटो वायरल कर दिया गया था। किसी ने इस कमेंट के साथ यह फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया कि यह गोमांस है।
आनन-फानन यह खबर पूरे कस्बे में फैल गई। हिंदूवादी संगठन भी हरकत में आ गए। हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं का कहना है कि वह शुक्रवार को अधिकारियों से मिलकर इसकी शिकायत करेंगे। हालांकि सासनी के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार का कहना है कि घटनाक्रम की जांच में पता चला है कि शादी समारोह में दोनों समुदाय के लोग शामिल हुए थे। जिस मांस को गोमांस बताया जाता है, वह गोमांस नहीं है। अलीगढ़ से खरीद कर लाया गया मीट था, जिसकी सफाई का फोटो किसी ने वायरल कर दिया है। ब्यूरो