हसायन क्षेत्र के गांव नगला मियां में सोमवार सुबह करीब नौ बजे खेत से खदेड़ने पर आवारा सांड़ ने किसान पर हमला बोल दिया। क्रुद्ध सांड़ ने किसान को पटक-पटककर मौत के घाट उतार दिया। उसका रौद्र रूप देखकर आसपास मौजूद किसान भी सहम गए और बचाने के लिए आगे नहीं आए। काफी देर तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा।
गांव नगला मियां निवासी गंगाराम (60) पुत्र उमराव सिंह के खेत में इन दिनों गेहूं की फसल खड़ी है। सुबह वह खेत पर गए तो देखा कि एक आवारा सांड़ फसल को बर्बाद कर रहा है। गंगाराम ने डंडा लेकर सांड़ को हांकना चाहा, लेकिन वह नहीं हटा। उन्होंने सांड़ की पीठ में डंडे से प्रहार शुरू कर दिया। इससे सांड़ बौखला गया और गंगाराम पर हमलावर हो गया।
उन्हें सींगों पर उठाकर खेत में पटकने लगा। कुछ ही देर में गंगाराम की मौत हो गई। किसान की चीख सुनकर मौके पर आए लोग सांड़ का रौद्र रूप देखकर इतना सहम गए कि उसे बचाने के लिए आगे जाने की हिम्मत भी नहीं जुटा सके। वह दूर खड़े होकर तमाशा देखने लगे। इसके बाद सांड़ वहां से खुद ही निकल गया। परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। शाम को लेखपाल ने गांव जाकर घटना की जानकारी ली। किसान की मौत से उसके परिवार में मातम पसर गया है। परिजन सदमे की हालत में हैं। अब यह सांड़ गांव में आतंक का पर्याय बन गया है। किसान अब खेतों को तहस-नहस कर रहे आवारा सांड़ और गायों को हांकने तक की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं।