सिकंदराराऊ क्षेेत्र में रेलवे क्रॉसिंग के पास पलटी कार।
- फोटो : Amar Ujala
आगरा जनपद के बरहन थानाक्षेत्र के गांव नगला भाउआ से नरौरा रामघाट को गंगा स्नान के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरी बोलेरो कार शनिवार रात सिकंदराराऊ में अनियंत्रित होकर पलट गई। काफी गहरे गड्ढे में कार गिरने से उसमें सवार आठ लोग घायल हो गए।
बरहन के गांव नगला भउआ निवासी सुनहरी लाल, महाराज सिंह, विजय सिंह, जसोदा पत्नी विजय सिंह, रीनादेवी पत्नी समर सिंह, फूल सिंह, पूरन देवी पत्नी सुनहरी लाल, समर सिंह और उनके साथ चार बच्चे गंगा स्नान के लिए नरौरा रामघाट जा रहे थे। जलेसर-सिकंदराराऊ रोड पर रात करीब 10 बजे रेलवे अंडरपास के निकट चालक नियंत्रण खो बैठा।
कार अंडरपास के बजाय सीधेे रेलवे लाइन की तरफ दौड़ती चली गई। मिट्टी के कई अवरोध और करीब एक मीटर चौड़े गड्ढे को पार करते हुए कार आगे गहरे गड्ढे में जाकर पलट गई। रात में पुरदिलनगर जा रहे बाइक सवारों ने एंबुलेंस के लिए फोन किया। घायलों को सीएचसी ले जाया गया। वहां से घायलों को आगरा के लिए रेफर कर दिया गया। सीएचसी के डॉक्टरों ने बताया कार सवार सभी बड़े और बुजुर्ग लोग घायल हो गए। गनीमत रही कि बच्चों को चोट नहीं आई।