शहर के एक गम में डूबे परिवार को रविवार सुबह घर में चोरी की एक और बुरी खबर ने हिला दिया। सूचना पर यूपी 100 की पीआरवी ने जाकर जांच-पड़ताल की, लेकिन कोई शिकायत दर्ज नहीं की गई है। खास बात यह है कि मोहनगंज स्थित जिस मकान में चोरों ने सेंध लगाई, वह सदर कोतवाली से महज 20 मीटर की दूरी पर है।
मोहनगंज निवासी शशि प्रकाश भारद्वाज पुत्र बद्री प्रसाद भारद्वाज होटल कारोबारी हैं। हाल ही में इनके भाई के युवा बेटे की बीमारी से मौत हो गई है। तब से रिश्तेदारों का इनके यहां आना-जाना लगा है। कुछ रिश्तेदार रुके भी हुए हैं। इन रिश्तेदारों का सामान भी शशि प्रकाश भारद्वाज के मकान में रखा हुआ था। शनिवार को पूरा परिवार और रिश्तेदार आगरा रोड स्थित अपने बड़े भाई के घर पर थे और रात को वहीं रुके। इसी दौरान चोरों ने घर के दरवाजे की चौखट निकालकर सेंध लगा दी।
चोरों ने घर में रखे 15 से 17 हजार रुपये और रिश्तेदारों का सारा सामान, कपड़े, सिलेंडर आदि ले गए। इससे पहले भी इस मकान के पास मौजूद एक इलेक्ट्रॉनिक सामान विक्रेता की दुकान में भी चोर पांच बार सेंध लगा चुके हैं। कोतवाली पुलिस शिकायत मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की बात कह रही है।