कोतवाली मुरसान क्षेत्र से चार दिन से लापता बोलेरो चालक का शव अलीगढ़ जिले के गोंडा थाना क्षेत्र में नगला बांस नहर की पटरी के निकट बरामद किया गया है। लाश क्षत-विक्षत हालत में बरामद की गई है। जानवरों ने लाश के कई हिस्सों को खा लिया था। पुलिस के मुताबिक युवक की हत्या करके शव को यहां फेंका गया है।
एसओ मुरसान जगदीशचंद्र ने बताया कि कोतवाली चंदपा क्षेत्र के गांव लच्छी की नगरिया निवासी युवक राहुल (23 वर्ष) पुत्र विजयपाल मुरसान क्षेत्र के गांव कोटा में मोबाइल की दुकान करता था। कुछ दिन पूर्व उसने अपना कारोबार बदलने के लिए मोबाइल की दुकान बंद कर बोलेरो खरीद ली थी। वह इस गाड़ी को भाड़े पर चलाने लगा। बीती पांच अगस्त को इस युवक को गांव कोटा निवासी अशोक नाम के एक युवक ने फोन किया। उसे इन लोगों ने बोलेरो गाड़ी को किराए पर ले जाने का झांसा देकर गोंडा बुला लिया।
इसके बाद जब राहुल दो दिन तक नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई। उसकी काफी तलाश की गई, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। परिजन इस मामले की रिपोर्ट दर्ज कराने कोतवाली चंदपा भी गए थे, लेकिन वहां पुलिस कर्मियों ने उन्हें टरका दिया। इसके बाद परिजन उस युवक के पास पहुंचे, जोकि राहुल की गाड़ी बुक कराके ले गया था। बताते हैं कि इन लोगों ने इस युवक की पिटाई की तो उसने राहुल का पता बताने की हामी भर दी। उसने बताया कि राहुल को बोलेरो गाड़ी सहित अपहरण कर लिया गया है। अगर परिजन पांच लाख रुपये खर्च करें तो उसको छुड़वाया जा सकता है। परिजन इस युवक को लेकर कोतवाली मुरसान आए और पकड़े गए आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया। मुरसान पुलिस ने राहुल के पिता विजयपाल सिंह निवासी नगला लच्छी थाना चंदपा की शिकायत पर मुरसान थाना क्षेत्र के गांव कोटा निवासी अशोक, मनोहर, तेजपाल और मोनू के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज किया था।
पुलिस ने इनमें से एक युवक की निशानदेही पर इगलास के गोंडा क्षेत्र से बोलेरो चालक युवक का शव बरामद कर लिया। पुलिस ने बाकी तीन अभियुक्तों को भी हिरासत में ले लिया है, जिनसे पूछताछ कर लूटी गई बोलेरो को बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं। शीघ्र ही पुलिस इस मामले का खुलासा करने का दावा कर रही है। मुरसान एसओ जगदीशचंद्र ने बताया कि शव बरामद कर लिया गया है। पकड़े गए आरोपी से पूछताछ में पता चला है कि इन लोगों ने पांच अगस्त की रात नौ बजे युवक की हत्या करके शव को गोंडा में फेंका है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है, जबकि बोलेरो गाड़ी को भी बरामद करने के प्रयास चल रहे हैं।
गोंडा प्रतिनिधि के मुताबिक राहुल का शव मिलने के बाद उसके परिजनों का धैर्य जवाब दे गया। आक्रोशित लोगों ने गोंडा-खैर मार्ग स्थित नयाबांस नहर पुल पर जाम लगाने की कोशिश की। सूचना पर थाना प्रभारी शंभू तिवारी मय पुलिस फोर्स के मौके पर पहुंच गए और परिजनों को समझा-बुझाकर रास्ते से हटाया।