बिसावर में हंगामा कर रहे लोगों को समझाते पुलिस अफसर।
- फोटो : अमर उजाला
सादाबाद। बिसावर में मंगलवार की शाम को बच्चों को बहलाफुसला कर ले जाने और बालिका को निर्वस्त्र करने की घटना का सूत्रधार हाथरस के एक मौलवी को माना जा रहा है। इस मौलवी की गिरफ्तारी को लेकर बुधवार को व्यापार मंडल के आह्वान पर कस्बे के दुकानदारों ने अपनी दुकानें नहीं खोली और पैंठ बाजार में धरना देकर मौलवी की गिरफ्तारी की मांग की। बाजार बंदी और धरना प्रदर्शन की जानकारी मिलते ही काफी मात्रा में पुलिस बल और पुलिस अधिकारी पहुं्रच गए। पीड़ित और कस्बे के प्रतिष्ठितजनों को बैठाकर उनसे वार्ता की।
वार्ता के दौरान कस्बे के लोगों ने मौलवी की गिरफ्तारी की मांग की। बैठक में मौके पर मौजूद सीओ योगेश कुमार ने लोगों को आश्वस्त किया कि जल्द ही मौलवी की गिरफ्तारी की जाएगी और मौलवी की गिरफ्तारी के लिए एक टीम सीतापुर के लिए रवाना कर दी गई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश भी दी जा रही है। सीओ के आश्वासन पर दोपहर बाद कस्बे कार बाजार खुल गया। कस्बे में तनाव को देखते हुए थाना पुलिस बल के अलावा डेढ़ सैक्सन पीएसी भी लगाई गई। सीओ के अलावा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह, सहपऊ कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जगदीश सिंह तथा चंदपा के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार के अलावा थाना क्षेत्र की सभी चौकियों का फोर्स भी एहतियान मौजूद रहा।
दूसरी ओर व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष जगमोहन चौधरी ने बताया कि अधिकारियों के द्वारा मौलवी की शीघ्र गिरफ्तारी के आश्वासन के बाद व्यापार मंडल द्वारा बाजारबंदी का निर्णय वापस ले लिया गया है और यदि दो दिन में मौलवी की गिरफ्तारी नहीं हुई तो कस्बे के लोग बिसावर के पैंठ मैदान में धरना प्रदर्शन पर बैठ जाएंगे। अधिकारियों से हुई बातचीत के दौरान पूर्व विधायक बृजेंद्र सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष तुलसीदास अग्रवाल, ग्राम पंचायत प्रधान विजयपाल सिंह, विश्व हिंदू युवा वाहिनी के जिलाध्यक्ष बंटी चौधरी, जगवेंद्र चौधरी, अरविंद चौधरी, पवन बंसल, पराग अग्रवाल, चंचल अग्रवाल, कपिल चौधरी, हेमेंद्र चौधरी, रविंद्र चौधरी, श्रीभगवान, सुनील बंसल, आदेश अग्रवाल, सुनील चौधरी, मनीष अग्रवाल, महेंद्र अग्रवाल आदि मौजूद थे।