आगरा-अलीगढ़ बाईपास पर शिक्षकों की कार पलटने पर मौके पर लगी भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
हाथरस। डॉ.भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय आगरा से हिंदी की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन कर लौट रहे बागला डिग्री कॉलेज के शिक्षक शिक्षिकाओं की कार नगला भुस बाईपास पर नील गाय को बचाने के चक्कर में पलट गई। जिसके बाद सभी घायलों को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बागला डिग्री कॉलेज के हिंदी विभाग के आधा दर्जन शिक्षक शिक्षिकाएं बुधवार को विश्वविद्यालय में उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन करने गए थे। जिनमें डॉ.चंद्रशेखर रावल, डॉ.सुनंदा महाजन, डॉ.राजेश कुमार, डॉ.धर्मेंद्र सिंह, डॉ.एमपी सिंह और डॉ.विमलेश शामिल थे। ये सभी बुधवार की शाम को कार में सवार हो आगरा से हाथरस लौट रहे थे।
चंदपा थाना के बाद नगला भुस का तिराहा पार करते ही बाईपास रोड पर कार के सामने अचानक से नीलगाय आ गई। जिसे बचाने के चक्कर में कार को ब्रेक लगाया। जिससे कार तीन चार पलटा खाते हुए रोड किनारे गड्डे में जाकर सीधी हो गई। यह देख आसपास के लोगों की मौके पर भारी भीड़ लग गई। सभी को आनन-फानन में शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर सभी को उपचार दिया गया। सूचना के बाद उनके परिवार के लोग भी अस्पताल पहुंच गए।