मथुरा से सुबह कासगंज जाने वाली पैसेंजर ट्रेन में एक युवती से छेड़छाड़ को लेकर विवाद हो गया। इस पर कुछ लोगों ने नगला रति रेलवे स्टेशन पर पैसेंजर ट्रेन पर पथराव कर दिया, जिससे कई यात्री बाल-बाल बच गए। मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी के हालात रहे।
बताया जाता है कि भरतपुर से कासगंज की तरफ जाने वाली पैसेंजर ट्रेन में एक युवती अपनी रिश्तेदारी से लौट रही थी। आरोप है कि रास्ते में कुछ युवकों ने उससे छेड़छाड़ कर दी। युवती ने ट्रेन में से ही अपने परिजनों को फोन कर दिया। नगला रति के पास ट्रेन में गांव नगला बंजारा एवं कासगंज के मारहरा क्षेत्र के लोगों के बीच झगड़ा हो गया। इस दौरान ट्रेन में बैठे नगला बंजारा के लोगों ने अपने गांव के लोगों को फोन के माध्यम से घटना की सूचना दे दी। इसके नगला बंजारा के कुछ लोग एकत्रित होकर ट्रेन पर पहुंच गए।
जब ट्रेन के डिब्बे में बैठे लोगों से बदला लेने में सफलता नहीं मिली तो इन आक्रोशित लोगों ने चलती पैसेंजर ट्रेन पर पथराव कर दिया। इसका स्टेशन मास्टर ने विरोध किया तो आरोप है कि ये लोग उनसे भी अभद्रता करने पर उतारू हो गए। इसके बाद स्टेशन मास्टर ने कोतवाली हसायन की पुलिस चौकी सलेमपुर एवं जीआरपी पुलिस को घटना से अवगत करा दिया। जब पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक मामला शांत हो चुका था। एक पक्ष जहां ट्रेन में बैठकर मारहरा चला गया तो दूसरा पक्ष अपने गांव जा चुका था। हसायन के कोतवाली प्रभारी प्रवीण कुमार ने इस संबंध में किसी भी जानकारी से इंकार किया है। घटना के संबंध में कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई हैं।