एसओजी और हाथरस जंक्शन पुलिस के हाथ बड़ी कामयाबी लगी है। पुलिस ने ट्रैक्टर लूटने वाले गिरोह के पांच सदस्यों को दबोचते हुए लूटे गए दो ट्रैक्टर बरामद किए हैं। इनमें से एक हाथरस जंक्शन और एक अलीगढ़ के बन्ना देवी थाना क्षेत्र का है। आरोपियों के पास से चोरी की एक बाइक, फ्रिज, ओवन के अलावा बीते दिनों केशोपुर के पास लूटी गई नकदी और अंगूठी भी पुलिस ने बरामद की है। पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश में जुटी है।
एसपी घुले सुशील ने पत्रकारों को बताया कि बदमाशों का चोरी के दो ट्रैक्टर और एक बाइक लेकर मथुरा की ओर जाने का इनपुट मिला था। कैलोरा चौराहे पर बदमाशों को दबोचने के लिए एएसपी अरविंद कुमार के नेतृत्व में सीओ सिकंदराराऊ आशीष प्रताप सिंह, एसओजी और हाथरस जंक्शन पुलिस को लगाया गया। वाहनों को तिरछा खड़ाकर आरोपियों को रोक लिया।
मौके से प्रताप सिंह, पुष्पेंद्र गिरी निवासीगण छतारी, बुलंदशहर, सुमित सिंह निवासी भोपतपुर, हाथरस जंक्शन, मनोज सिंह निवासी गभाना, अलीगढ़ और महेंद्र सिंह निवासी तुलसीनगर, थाना ताजगंज आगरा हैं। आरोपियों के कब्जे से 25 दिन पहले भोपतपुर से लूटा गया स्वराज ट्रैक्टर और एक महीने पहले अलीगढ़ के बन्ना देवी थाना क्षेत्र से लूटे गए सोनालिका ट्रैक्टर को बरामद किया गया है। पूछताछ में पता चला कि बन्ना देवी थाना क्षेत्र से ही लूटा गया आयशर ट्रैक्टर भी इनके साथियों के पास है।
आरोपियों के पास से अलीगढ़ से चोरी की गई बाइक और केशोपुर में एक महिला से लूटे गए 20 हजार रुपये और जेवरातों में से 17.50 हजार रुपये व अंगूठी बरामद हुई है। आरोपियों ने चंद रोज पहले गभाना के कांशीराम डिग्री कॉलेज से फ्रिज, ओवन आदि चोरी की थी। पुलिस ने बरामद कर लिया है। एसपी के मुताबिक ट्रैक्टर लूट की वारदात में आरोपियों के चार साथी राजकुमार, रामपाल निवासीगण रामबाग, आगरा, रिषी निवासी नगला खंगर फिरोजाबाद, पुष्पेंद्र निवासी अतरौली, अलीगढ़ व गजेंद्र निवासी बिजवारी, छाता, जिला मथुरा फरार हैं। उनकी तलाश जारी है।