मुरसान रेलवे स्टेशन से कुछ दूरी पर मौजूद फाटक के पास मंगलवार रात को एक युवती का शव रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला। शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। युवती की उम्र 30 साल के करीब है। उसने गाउन पहना हुआ है और मांग में सिंदूर भी भरा हुआ है।
जीआरपी ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। युवती के गले पर फंदे के निशान होने के कारण उसकी हत्या की आशंका जताई जा रही है।
जिस रेलवे फाटक के पास ट्रैक पर यह शव जीआरपी को पड़ा मिला, उस फाटक के गेटमैन सुनील ने सबसे पहले जीआरपी को शव के ट्रैक पर होने की जानकारी दी थी। सुनील के मुताबिक रात के अंधेरे में दो बाइक सवार शव को ट्रैक के बीच रखकर चले गए। उसने आवाज लगाकर उन्हें रोकने की भी कोशिश की लेकिन वह नहीं रुके।
अंधेरा होने से वह बाइक का नंबर भी नोट नहीं कर सका। इसके बाद शव को क्षतिग्रस्त होने से बचाने के लिए उसने ट्रेन के आने से पहले जीआरपी को बुलाया और शव को सुरक्षित ट्रैक से हटाया। गेटमैन के इस खुलासे के बाद युवती की हत्या की आशंका और प्रबल हो गई है। शव के सुरक्षित पुलिस के हाथ लगने से हत्यारों की मुश्किलें भी बढ़ सकती हैं।
जीआरपी ने आसपास गांव के लोगाें से शव की शिनाख्त कराने की कोशिश की है, लेकिन इसमें अभी तक कामयाबी नहीं मिली है। युवती का हुलिया देखकर पुलिस को लगता है कि हत्या घर के अंदर ही की गई होगी और इसे ट्रेन दुर्घटना दिखाने के लिए शव को ट्रैक पर रखा गया होगा।
जीआरपी एसओ विनोद कुमार का कहना है कि युवती की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या के बारे में पुख्ता तौर पर कहा जा सकता है। अभी तक जो साक्ष्य मिले हैं, उनके आधार पर यह प्रतीत हो रहा है कि शव को हत्या कर फेंका गया है।