फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सिकंदराराऊ में सेल्समैन की हत्या कर 8.86 लाख लूटे

Mon, 16 Oct 2017 11:45 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो हाथरस। 
विज्ञापन
लूट - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन
 हाथरस में मेंडू रोड स्थित पेट्रोल पंप पर 10 अक्तूबर को सेल्समैन की हत्या कर लूटपाट की वारदात की गुत्थी सुलझी ही थी कि बेखौफ लुटेरों ने सोमवार को सिकंदराराऊ में फिर इसी अंदाज में दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने कासगंज रोड गांव अगसौली स्थित भारत फिलिंग स्टेशन का कैश जमा करने बाइक पर बैठकर कासगंज जा रहे पेट्रोल पंप कर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी और 8.86 लाख रुपयों से भरा बैग लूट लिया। वारदात को अंजाम दे बदमाश कासगंज की तरफ भाग गए। यह वारदात अगसौली पुलिस चौकी से करीब 500 मीटर की दूरी पर हुई। मौके पर आईजी, अलीगढ़ डॉ. संजीव गुप्ता भी पहुंचे। उन्होंने बदमाशों की जल्द गिरफ्तारी न होने पर पुलिस अधिकारियों को कार्रवाई के लिए तैयार रहने को कहा है।
विज्ञापन

एसपी ने घटना के खुलासे के लिए कोतवाली पुलिस के अलावा एसओजी को भी लगाया है। 
बता दें कि रविवार को बैंक बंद होने के कार इस पेट्रोल पंप पर करीब नौ लाख रुपये का कैश था। यह नकदी 12 से 16 अक्तूबर तक की बिक्री की थी। इस पेट्रोल पंप का खाता कासगंज जिले की मोहनपुरा के स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में संचालित है। पेट्रोल पंप मथुरा निवासी मितांशु का बताया जाता है। पंप कर्मी हर दिन यहीं पर कैश जमा करने बाइक से जाते थे। सोमवार की दोपहर करीब साढ़े बारह बजे पंप कर्मी राजू खां निवासी गांव सुजानपुर और हकीकत अली निवासी गांव बकायन थाना हसायन 8.86 लाख रुपये की नकदी बैग में भरकर बाइक से मोहनुपरा के लिए रवाना हुए। पुलिस चौकी अगसौली से महज 500 मीटर आगे गांव नगला अदू के सामने पीछे से काले रंग की पल्सर बाइक पर सवार तीन नकाबपोश युवक आए। इन लोगों ने ओवरटेक कर पेट्रोल पंप कर्मियों की बाइक रुकवा ली। बाइक रुकते ही दो युवक तेजी से अपनी बाइक से उतरे और राजू खान के हाथ में लगा रुपयों भरा बैग छीनने लगे। राजू ने विरोध किया तो एक बदमाश ने तमंचे से उसे गोली मार दी। गोली राजू के कंधे को चीरती हुई दिल में जा धंसी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। लूट के पश्चात बदमाश हवा में तमंचे लहराते हुए कासगंज की तरफ भाग गए। वारदात के बाद लोग राजू को उठाकर सीएचसी लाए। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। बाइक चला रहा हकीकत अली फायरिंग होते ही नीचे गिर पड़ा। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। उसके बाद सीओ सुधीर प्रताप सिंह भी आ गए। उन्होंने मृतक के साथी कर्मी से घटना के बारे में जानकारी ली। बाद में एसपी घुले सुशील चंद्रभान और एएसपी अरविंद कुमार ने भी घटनास्थल का दौरा किया। एसपी का कहना है कि कोतवाली के अलावा एसओजी और पुलिस की अन्य टीमें भी बदमाशों की धरपकड़ के लिए लगा दी गई हैं। जल्द से जल्द बदमाशों को पकड़कर वारदात का खुलासा किया जाएगा। पेट्रोल पंप कर्मी हकीकत अली ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें