हाथरस। (ब्यूरो) छेड़छाड़ की शिकार एक छात्रा ने आरोपी की अंजाम भुगतने की धमकी के बाद स्कूल जाना छोड़ दिया है। परिजनों ने इस मामले में पुलिस से शिकायत की है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र की रहने वाली छात्रा की मां ने पुलिस से शिकायत में कहा है कि आरोपी उनके गांव का ही रहने वाला है। सात मार्च को जब उनकी बेटी स्कूल जा रही थी, तभी आरोपी ने उसे बीच में रोककर छेड़छाड़ की। इस बारे में छात्रा ने परिजनों को बताया। परिजन आरोपी के घर पहुंचे और शिकायत की। इससे आरोपी बौखला गया और उसी दिन शाम के समय छात्रा के घर आ धमका। यहां जमकर गाली-गलौज करने के बाद आरोपी ने छात्रा के परिजनों के साथ मारपीट भी की। परिजनों का कहना है कि आरोपी दबंग है और उससे पूरा गांव परेशान है। आरोपी और उसके पिता ने छात्रा और उसके परिजनों को अंजाम भुगतने की धमकी दी है। आरोपी ने कहा है कि वह छात्रा को कहीं भी मुंह दिखाने लायक नहीं छोड़ेगा। इस धमकी से सहमी छात्रा ने स्कूल जाना बंद कर दिया है।और उसकी पढ़ाई चौपट हो गई है। इंस्पेक्टर हाथरस गेट रजनेश तिवारी का कहना है कि शिकायत मिली है, मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। जल्द ही आरोपी को दबोच लिया जाएगा।