सादाबाद (हाथरस)। कस्बे के मोहल्ला कश्यप नगर में मंगलवार की देर रात बदमाशों ने धावा बोल दिया। बदमाश एक मकान से घर में सो रहे लोगों को बंधक बनाकर लाखों रुपये की नकदी व जेवरात चोरी कर ले गए, वहीं एक अन्य मकान में चोरी करने के लिए घुसे बदमाशों की घर के सदस्यों से जमकर हाथापाई हुई। बदमाशों ने दो लोगों को तमंचे की बट मारकर घायल कर दिया।
अजीज खान पुत्र अब्दुल रहमान के मकान में बदमाश छत के रास्ते होकर घुस आए। अजीज ने बताया कि बदमाशों ने घर में मौजूद सभी लोगों को तमंचा दिखाकर एक कमरे में बंद कर दिया और फिर कमरे में रखी अलमारी व बेड को खंगाल डाला। बदमाश करीब एक लाख रुपये की नकदी और सोने चांदी के जेवरात पार कर ले गए। इसके निकट के ही राधेश्याम पुत्र हरप्रसाद के घर में भी बदमाश घुस आए, लेकिन यहां जगार होने के कारण बदमाश चोरी की घटना को अंजाम नहीं दे सके। बदमाशों की यहां राधेश्याम और उसके साले साहब सिंह से हाथापाई हो गई। बदमाशों ने इन दोनों को तमंचे की बट मारकर घायल कर दिया। घर में मौजूद अन्य लोगों ने शोर मचा दिया, तब तक बदमाश भाग खड़े हुए। राधेश्याम के अनुसार बदमाशों की संख्या लगभग आधा दर्जन के करीब थी। सुबह घटना स्थल पर काफी लोगों की भीड़ जुटी रही। घटना की तहरीर थाने में दी गई है।