हाथरस (ब्यूरो)। रानी मिल कंपाउंड में दुकान खाली कराने को लेकर किराएदार का विवाद दुकान मालिक और उनकी बेटी से हो गया। किराएदार ने दुकान मालिक पर जबरन दुकान खाली कराने को मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। इस मामले की शिकायत सदर कोतवाली पुलिस को भी की गई है।
मुरसान गेट निवासी रवि कुमार ने अपनी शिकायत में कहा है कि पिछले 20 साल से दुकान उनके पास किराए पर है। दुकान में वह चना, मूंगफली का कारोबार करते हैं। दुकान का मुकदमा विचाराधीन है, बावजूद इसके दुकान मालिक जबरन दुकान खाली कराना चाहते हैं। रवि कुमार ने आरोप लगाते हुए बताया कि मंगलवार दोपहर दुकान मालिक और उनकी बेटी कंपाउंड में आई और मारपीट करने लगे। आरोपियों ने दुकान खाली न करने पर अंजाम भुगतने की धमकी भी दी है। इंस्पेक्टर मनोज शर्मा का कहना है कि दोनों के बीच पुराना विवाद है। किराएदार ने तहरीर दी है। जांच कर मुकदमा दर्ज होगा।