सादाबाद। गांव धानौटी बुर्ज में एक गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला का शव मकान के अंदर एक खूंटी से लटका मिला। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंच गई। मौके पर काफी लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। इधर, मृतक महिला के भाई ने थाने में दी गई तहरीर में अपनी बहन और उसके पेट में पल रहे बच्चे की एक षडय़ंत्र के तहत हत्या करने का आरोप लगाया है।
आगरा के थाना मलपुरा के गांव लाडम निवासी श्याम सिंह पुत्र पूरन सिंह ने थाने में घटना के संबंध में तहरीर दी है। तहरीर में आरोप है कि उसकी बहन रानी की शादी छह फरवरी 2018 को सादाबाद क्षेत्र के गांव धनौटी बुर्ज निवासी एक व्यक्ति के साथ हुई थी। रानी के पति की मौत ट्रक चलाने के दौरान 15 सितंबर 2018 को हो गई थी, जिसमें ट्रक मालिक द्वारा मुआवजे के रूप में 15 लाख रुपये देना तय हुआ था, जो जनवरी 2019 में रानी को मिलना तय हुआ। रुपयों को लेकर रानी के ससुरालीजनों की नीयत में खोट आ गया।
रानी ने उसे बताया था कि उसके ससुरालीजन उसके साथ रुपयों को लेकर मारपीट और गाली-गलौज कर रहे हैं। एक जनवरी 2019 को वह रानी की ससुराल धनौटी बुर्ज गया था, जहां एकराय होकर रानी के ससुरालीजन कहने लगे कि जो 15 लाख रुपये मुआवजे के रूप में मिलने हैं, वह हम सब लोगों में बंटेगा, नहीं तो तुम्हारी बहन को इस घर में नहीं रहने देंगे। जब उसने ससुरालीजनों को समझाया कि उसकी गर्भवती विधवा बहन के साथ इस तरह का बर्ताव न करें, यह रु पया उसके व उसके बच्चों के भविष्य के काम आएगा। तो यह लोग उसे गंदी-गंदी गालियां देने लगे और कहने लगे कि रुपया हमें नहीं मिला तो तुम्हारी बहन को जान से मार देंगे। उसके हिस्से की सारी संपत्ति हड़प लेंगे। उसकी बहन ने उसे बताया था कि उसके ससुराली रुपयों और संपत्ति की खातिर उसे जान से मारने की योजना बना रहे हैं। वह बच्चा होते ही में अपने घर आ जाएंगी, नहीं तो यह लोग मुझे और मेरे बच्चे को जिंदा नहीं छोड़ेंगे। आरोप है कि तीन जनवरी की सुबह करीब साढ़े आठ बजे उसे सूचना मिली कि उसकी बहन को ससुरालीजनों ने जान से मारकर कमरे में बंद कर दिया है और फरार हो गए हैं।
इस घटना की सूचना उसने 100 नंबर पर दी। मौके पर पुलिस पहुंची। उसकी बहन का शव कमरे की एक खूंटी पर बंधा मिला और उसके कान के सोने की झुमकी गायब थीं। श्यामवीर का आरोप है कि उसकी बहन रानी और उसके पेट में पल रहे नौ माह के बच्चे की एक षडयंत्र के तहत उसके ससुरालीजनों द्वारा हत्या कर दी गई है।