हाथरस। अगर आप कार सवार हैं तो जरा सावधान हो जाएं। कार के आगे बोनट के आसपास गंदा काला तेल देखकर उसे साफ करने के बजाय तुरंत कार के अंदर रखे सामान को बचाने की कोशिश करें। बेहतर होगा कि आप कार से बाहर नहीं निकलें और कार के शीशे बंद कर लें।
दरअसल, एक गिरोह कार पर काला तेल डालकर चालक को ऑयल लीक होने का भ्रम दिलाता है, इस पर जैसे ही चालक कार से निकलकर बोनट पर ऑयल को चेक करता है, बदमाश कार में रखा सामान लेकर भाग निकलते हैं। मुरसान गेट पर आगरा के एक कार चालक के साथ ऐसा ही हुआ। उनके बैग में लैपटॉप, एटीएम कार्ड और कई जरूरी सामान थे। अपने साथ हुई इस लूट की शिकायत उन्होंने सदर कोतवाली पुलिस से की है। आगरा के नरायच निवासी रूपकिशोर एक एग्रो केमिकल कंपनी में एरिया मैनेजर हैं। वह मंगलवार की दोपहर को मुरसान गेट पर एक खाद, बीज की दुकान पर कंपनी के काम के सिलसिले में आए थे और वहां से अपनी कार से आगरा के लिए रवाना हो रहे थे। उनकी कार की गति काफी कम थी। इतने में एक नाबालिग दिखने वाले लड़के ने कार के आगे बोनट पर काला तेल डाल दिया। इसका पता कार चला रहे रूपकिशोर को नहीं चला। इसी लड़के ने उन्हें बताया कि कार काफी गर्म हो गई है। कार में मौजूद ऑयल बाहर निकल रहा है। रूपकिशोर अपने साथ हो रहे इस फरेब से पूरी तरह अनजान थे। वह कार में अपना बैग छोड़कर बाहर निकले और आगे बोनट पर जाकर चिपके ऑयल को देखने लगे। जांच के बाद उन्हें लगा कि किसी ने यूं ही गंदा तेल उनकी कार पर डाल दिया है। वह एक कपड़े से इस तेल को साफ करने में व्यस्त हो गए और इस बीच कार के खुले शीशे में हाथ डालकर किसी ने उनका बैग पार कर दिया। इंस्पेक्टर मनोज शर्मा का कहना है कि कार पर ऑयल डालकर लूट करने का यह तरीका काफी पुराना है। रूपकिशोर की शिकायत दर्ज कर ली गई है। आरोपियाें की तलाश करने की कोशिश की जा रही है।