सहपऊ। कोतवाली पुलिस ने क्षेत्र के ग्राम नगला मनी में गोपनीय सूचना पर दबिश देकर खेतों से शराब बनाने के सामान का जखीरा बरामद किया है। छापे में दो ड्रम स्प्रिट भी बरामद की गई है, जिससे अवैध रूप से शराब बनाने का काम किया जा रहा था। यह शराब अन्य राज्यों में संचालित देसी और अंग्रेजी ब्रांड की बोतलों में भरकर बेची जा रही थी।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने गांव नगला मनी के खेतों में रखी करब के झुरमुट को हटाकर देखा। करब के झुंड से दो ड्रम स्प्रिट एवं 210 खाली बोतल, 250 खाली पाउच एवं कई प्रकार के ब्रांड के रेपर बरामद किए गए हैं। पुलिस ने इसकी सूचना आबकारी विभाग और विभागीय आला अधिकारियों को दी गई। कुछ ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि इस गांव में हरियाणा से स्प्रिट मंगाकर बड़े पैमाने पर शराब बनाकर पास के गांवों के अलावा जिले भर में एजेंटों के माध्यम से सप्लाई की जाती थी। मौके पर पहुंचे आबकारी निरीक्षक केपी सिंह के अनुसार इस स्प्रिट से 1200 लीटर शराब बनाई जा सकती है। मौके पर सीओ सादाबाद नरेंद्र देव और आबकारी विभाग की टीम भी पहुंच गई। इस अवैध कारोबार का सरगना एवं काम करने वाले अन्य लोगों को पुलिस के आने की पहले ही भनक लग गई थी, जिससे वह पुलिस के पहुंचने से पहले ही मौके से भाग गए। आबकारी निरीक्षक ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दे दी है, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
नकली शराब से पूर्व में हो चुकी हैं मौत
हाथरस। ब्लॉक सहपऊ, सादाबाद और सिकंदराराऊ क्षेत्र में नकली शराब बनाने का करोबार लंबे समय से संचालित हो रहा है। इसी प्रकार की शराब के सेवन से दो साल पूर्व जिले में कुछ मौत भी हो चुकी हैं। उसके बाद काफी दिनों तक इस गोरखधंधे को चलाने वाले शातिर लोग भूमिगत हो गए थे। पंचायत चुनाव से पूर्व भी इस कारोबार में तेजी आई थी और अब होली से पहले फिर अवैध शराब बनाने वाले सक्रिय हो गए हैं।