हाथरस। शहर के मुरसान गेट इलाके में नगर पालिका की जमीन पर कब्जे को लेकर चल रहे विवाद के बीच गुरुवार को प्रशासन और पुलिस के आला अफसर मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने न केवल जमीन से संबंधित दस्तावेज देखे, बल्कि मौके पर ही दोनों पक्षों को भी सुना। ईओ नगर पालिका ने इस जमीन को नगर पालिका की बताया, जबकि दूसरी ओर कब्जेदारों ने भी कुछ उर्दू भाषा में लिखे अभिलेखों को दिखाकर जमीन पर अपना दावा ठोका। अधिकारियों ने इस मामले का निस्तारण करने के लिए शनिवार को दोनों पक्षों को तहसील में उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।
शहर के मुरसान गेट के पास नगर पालिका की जमीन एक समुदाय के लोगों ने कब्जा कर रखा है। इसे लेकर कई बार हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं द्वारा नगर पालिका से शिकायत की गई थी। पिछले दिनों पालिका प्रशासन का पुतला फूंके जाने एवं कडे़ विरोध के बाद गुरुवार को एडीएम धर्मेंद्र सिंह, एएसपी राममूरत यादव, एसडीएम सदर केहरी सिंह एवं सीओ सिटी प्रीती सिंह मौके पर पहुंचीं। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को सुना कब्जाधारी यूसुफ आदि ने अधिकारियों को उर्दू भाषा में लिखित कुछ कागजात दिखाए और दावा किया कि इनके अनुसार यह जमीन हमारी है। अधिकारियों ने इन उर्दू भाषा में लिखे हुए अभिलेखों का उर्दू भाषा के जानकारों से पढ़वाने के बाद निर्णय लेने की बात कही।