सट्टा कारोबारी के घर पर दबिश देती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
हाथरस। सट्टा कारोबारियों पर पुलिस का शिकंजा कसने में जुट गई है। इगलास अड्डा निवासी सट्टा कारोबारी के घर पर कोतवाली हाथरस गेट पुलिस ने दबिश दी, लेकिन वह नहीं मिला।
उल्लेखनीय है कि 14 फरवरी की देर रात को एसपी सिद्धार्थ शंकर मीणा के निर्देश पर कोतवाली हाथरस गेट पुलिस ने इगलास अड्डा पत्थर वाली रोड निवासी सट्टा कारोबारी जहरुद्दीन उर्फ दद्दा के घर पर दबिश देकर 35 लोगों को गिरफ्तार किया था, जबकि दद्दा पुलिस को चकमा देकर भाग गया था।
अब पुलिस इन पर गैंगस्टर की कार्रवाई की तैयारी कर रही है। इसके साथ साथ मुख्य आरोपी सट्टा कारोबारी दद्दा की गिरफ्तारी के लिए उसके इगलास अड्डा पत्थर वाली रोड स्थित घर पर एसएसआई विपिन कुमार ने अपनी टीम के साथ दबिश दी, लेकिन यहां से दद्दा पहले ही फरार हो गया। घर पर मिली महिलाओं से पूछताछ कर पुलिस वापस लौट आई।