तमंचा फैक्ट्री संचालित करने वाले गिरोह के बारे में जानकारी देती पुलिस।
- फोटो : amar Ujala
कोतवाली पुलिस ने एटा-हाथरस सीमा से सटे गांव जनसोई में तमंचे बनाने की फैक्ट्री पकड़ी है। खंडहर में चल रही इस फैक्ट्री से पुलिस ने पांच लोगों को भी गिरफ्तार किया है। पांचों आरोपी एटा जनपद के निवासी हैं। यहां से असलहे अन्य जिलों में सप्लाई किए जाते थे।
एडीशनल एसपी डॉ. अरविंद कुमार ने कोतवाली में पत्रकारों को जानकारी दी कि गुरुवार को मुखबिर की सूचना पर कोतवाल प्रमोद कुमार द्विवेदी के निर्देशन में पुलिस टीम जनसोई नहर पुल पर पहुंची। यह एटा जनपद की सीमा से सटा हुआ है। पुल के निकट खंडहर पड़े स्कूल में छापा मारा तो देखा कि वहां पांच लोग तमंचा बना रहे थे।
पुलिस को देखकर आरोप भागने लगे, लेकिन उन्हें पकड़ लिया गया। खंडहर में चारों तरफ शस्त्र बनाने के उपकरण फैले हुए थे। मौके से चार तमंचे तैयार तथा कई अधबने हुए मिले। शस्त्र बनाते समय राजेश पुत्र नत्थू, नित्यानंद पुत्र सुखदेव, शिशुपाल पुत्र नेकसे निवासी गांव सभापुर थाना निधौली कलां एटा, बंटू पुत्र बाबूलाल गांव पवां, अमनेश पुत्र नत्थू सिंह बढ़ई मौके से गिरफ्तार किए गए हैं।
इनमें से राजेश तथा नित्यानंद पहले भी कई बार एटा थाने से तमंचा फैक्ट्री संचालित करने के मामले में जेल जा चुके हैं। ये लोग 315 बोर के तमंचे को नाल की लंबाई से हिसाब से 300 रुपये से लेकर दो हजार में बेचते थे। जैसे ही ऑर्डर मिलता था, माल तैयार कर सप्लाई कर देते थे। सीओ नरेशचंद्र वर्मा ने बताया कि पुलिस टीम को पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। पुलिस टीम में दरोगा संजीव त्यागी, राजेश यादव, सिपाही शीलेश कुमार, उमाशंकर, समीरअली, अनुज पुनिया आदि सम्मलित थे।