शहर कोतवाली क्षेत्र से 24 अगस्त को प्रेमी के साथ गई किशोरी को पुलिस ने उसके साथ प्रेमी के साथ बरामद कर लिया है। किशोरी अब भी प्रेमी के साथ जाने की जिद पर अड़ी हुई है, जबकि परिजन उसे समझाने के लगातार प्रयास कर रहे हैं, लेकिन वह मानने को तैयार नहीं है।
कोतवाली क्षेत्र निवासी एक किशोरी की अपने पड़ोसी युवक से ही आंखें चार हो र्गइं। इसकी भनक परिजनों को भी लग गई।
परिजनों ने इन दोनों के मिलने पर पाबंदियां लगा दीं, लेकिन इनका हौसला फिर भी कमजोर नहीं हुआ और इस युगल ने साथ जीने-मरने की ठान ली। इसके बाद यह प्रेमी युगल 24 अगस्त को अचानक लापता हो गया।
इस दौरान इस प्रेमी युगल ने न्यायालय में अर्जी देकर खुद को बालिग बताते हुए शादी की इजाजत देने की गुहार लगाई। इस मामले में अभी न्यायालय में सुनवाई होनी बाकी है, लेकिन इससे पहले ही परिजनों को इनके रहने के ठिकानों का पता चल गया।
परिजनों ने पुलिस की मदद से इन दोनों को पकड़ लिया। पुलिस दोनों को हाथरस ले आई। इस दौरान किशोरी के परिजनों ने उससे बातकर उसे अपने साथ ले जाने के प्रयास भी किए, लेकिन वह किसी भी सूरत में परिजनों के साथ जाने का तैयार नहीं है।
सदर कोतवाली निरीक्षक मनोज शर्मा ने बताया कि दोनों को शीघ्र ही न्यायालय में पेश किया जाएगा। न्यायालय के जो भी आदेश होंगे, उनके अनुरूप कार्यवाही की जाएगी।