हाथरस। पुलिस ने एक कुख्यात गैंग के सरगना को दबोचने का दावा किया है। उससे पूछताछ के बाद गैंग के सदस्य और उसके कई साथियों को पुलिस ने उठा लिया है। सभी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस के मुताबिक आरोपी सरगना हाथरस, अलीगढ़ समेत आसपास कई जिलाें में लूट, हत्या और अपहरण के मामलों में आरोपी रह चुका है।
पुलिस के मुताबिक इस गैंग को राजेश टोंटा गैंग का विरोधी माना जाता है। टोंटा की हत्या के बाद इस गैंग ने सिर उठा लिया। पिछले सालों में गैंग ने हाथरस और आसपास जिलों में कई संगीन घटनाओं को अंजाम दिया। शहर में बीते कुछ महीनों में हुई लूट की घटनाओं में इस गैंग का हाथ होने की बात कही जा रही थी। इस समय गैंग व्यापारियों से मोटी चौथ वसूलना में लगा हुआ था। पुलिस के मुताबिक इसके अलावा सुपारी लेकर जमीनों पर कब्जा करने और दिलाने का काम भी गैंग के सदस्य कर रहे थे। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में उसे कई अहम सुराग हाथ लगे हैं। हालांकि खुलकर कोई भी अधिकारी कुछ भी कहने को तैयार नहीं। नाम नहीं छापने की शर्त पर पुलिस अधिकारियों ने सरगना के हाथ आने की जानकारी मीडिया को दी है। जल्द ही गैंग के कारनामों का खुलासा पुलिस करेगी।