हाथरस। उत्तर-मध्य रेलवे के ट्रैक पर हाथरस जंक्शन और हाथरस किला स्टेशनों के बीच बीती रात चोरों ने तीन पोलों के बीच से ओएचई लाइन के तार काट लिए, जिससे बुधवार को सुबह एचएडी पांच बजे हाथरस जंक्शन से चली तो रास्ते में ही खड़ी हो गई। ड्राइवर ने इसकी जानकारी स्टेशन अधीक्षक हाथरस जंक्शन को दी। रेलवे के आला अधिकारियों को घटना के बारे में अवगत कराया गया, जिससे एचएडी को दिल्ली भेजने के लिए दाऊद खां स्टेेशन से डीजल इंजन मंगवाया गया। इसके माध्यम से एचएडी हाथरस जंक्शन से 6.13 बजे के स्थान पर 8.53 पर हाथरस जंक्शन से दिल्ली के लिए रवाना की गई।
पिछले कुछ समय से शांत पडे़ विद्युत तार चोर जिले में फिर से सक्रिय हो चुके हैं। इस बार विद्युत तार चोरों ने रेलवे की विद्युत लाइन को निशाना बनाया। उत्तर मध्य रेलवे के स्टेशन हाथरस जंक्शन से बीती रात एचएडी हाथरस किला तक आई और रात में हाथरस जंक्शन तक वापस हो गई, लेकिन सुबह जब पांच बजे हाथरस जंक्शन से ट्रेन किला रेलवे स्टेशन के लिए चली तो किलोमीटर संख्या 1300/9 पर आकर एकाएक रुक गई। जब छानबीन की गई तो पता चला कि इस इलाके में ओएचई का तार ही गायब है। ड्राइवर ने ओएचई कटी होने और ट्रेन की स्पीड कम होने के कारण ट्रेन को इमरजेंसी ब्रेक लगाकर रोक लिया, नहीं तो कोई हादसा भी हो सकता था।
ड्राइवर ने इसकी जानकारी स्टेशन अधीक्षक हाथरस जंक्शन आरके शर्मा को भी दी। उन्होंने इस ओएचई तार की चोरी के बारे में कंट्रोल को अवगत कराया। कंट्रोल ने इस समस्या से निपटने के लिए तत्काल दाऊद खां पर खडे़ डीजल इंजन को हाथरस जंक्शन भेजा।
रेलवे को लगी लाखों की चपत
हाथरस। उत्तर-मध्य रेलवे के स्टेशन हाथरस जंक्शन और हाथरस किला के बीच तीन पोलों के बीच के काटे गए ओएचई विद्युत तार का वजन करीब तीन से चार क्विंटल बताया जा रहा है। इसकी कीमत लाखों रुपये में होने का अनुमान है, लेकिन रेलवे अधिकारी इसकी सटीक जानकारी देने से बचते रहे।
अधिकारियों ने किया मौका मुआयना
हाथरस। जंक्शन और हाथरस किला के बीच ओएचई लाइन के तार चोरी होने की घटना की जानकारी मिलने के बाद यातायात निरीक्षक डीके गौतम, आरपीएफ के कमांडेट अलीगढ़ एवं हाथरस जंक्शन के स्टेशन अधीक्षक आरके शर्मा ने अधीनस्थों के साथ मौका मुआयना किया। इस दौरान जहां यातायात निरीक्षक ने ट्रैक को संचालित कराया, जबकि आरपीएफ के कमांडेट ने रेलवे पुलिस के चौकी हाथरस जंक्शन प्रभारी मेघराज मीणा को इस घटना के जल्द से जल्द खुलास के निर्देश दिए।
स्क्वायड से भी कराई छानबीन
रेलवे पुलिस के अधिकारियों के निर्देश के बाद डॉग स्क्वायड भी मौके पर बुलाया। रेलवे पुलिस दल के विशेष दस्ते ने डॉग स्क्वायड के माध्यम से मौके पर मिले चोरों के पैरों के निशान के फिंगर प्रिंट लेने के साथ ही जंगल में काफी देर तक छानबीन की। जिससे घटना का खुलास किया जा सके।
इंजीनियरिंग दल ने दुरुस्त कराई लाइन
हाथरस। ओएचई के तार चोरी होने के बाद मौके पर रेलवे का इंजीनियर दल भी मौके पर वैन लेकर पहुंच गया, जिससे दिन में 11 बजे तक ही इस विद्युत लाइन पर नया तार लगाकर इसे विधिवत रूप से सुचारू करा दिया, ताकि शाम को एचएडी ट्रेन विधिवत रूप से हाथरस किला रेलवे स्टेशन तक पहुंच सके।