आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर कोतवाली पर आक्रोश प्रकट करते भाजपाई और हिंदूवादी।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो हाथरस
सिकंदराराऊ (हाथरस)। सोशियल मीडिया पर हिंदू देवी-देवताओं के खिलाफ अश्लील टिप्पणी से कस्बे में सोमवार को बखेड़ा खड़ा हो गया। बड़ी संख्या में भाजपाई और हिंदूवादी कोतवाली पहुंच गए। वहां जमकर हंगामा किया। काफी देर तक भाजपाई और हिंदूवादी वहां जमे रहे। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ डीके बालियान ने कोतवाली पुलिस को इस मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी करने के निर्देश दिए।
बताते हैं कि कस्बे में कुछ शरारती तत्वों ने मोबाइल फोन के जरिए सोशल मीडिया पर देवी-देवताओं के प्रति अश्लील टिप्पणी के साथ तीन युवकों के फोटो डाले। हालांकि इन युवकों की पहचान नहीं हो पाई। थोड़ी देर में यह बात पूरे कस्बे में फैल गई। सोमवार की सुबह भाजपा के नगराध्यक्ष उपेंद्र वार्ष्णेय, पूर्व पालिकाध्यक्ष विजयभारत कुलश्रेष्ठ, नरेंद्र सिंह चौहान, बृजेश चौहान, विपिन उर्फ लाल, क़ृष्ण यादव, सुनील गुप्ता सहित काफी भाजपाई और हिंदूवादी कोतवाली पहुंच गए। कोतवाल राजेश्वर प्रसाद त्यागी को मोबाइल फोन पर यह आपत्तिजनक पोस्ट दिखाई गईं। सीओ डीके बालियान ने कहा कि अराजक तत्वों की साजिश किसी कीमत पर सफल नहीं होने दी जाएगी। हिंदूवादी नेता कृष्ण यादव द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद सभी भाजपाई और हिंदूवादी कोतवाली से लौट गए। मामले को लेकर दोपहर तक कस्बे में तनाव का माहौल रहा। एसओ का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी कराई जाएगी।