कोतवाली क्षेत्र के गांव मिढ़ावली के निकट यमुना एक्सप्रेस वे पर बदमाशों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने दिल्ली से आगरा जा रहे आस्ट्रेलिया निवासी युवक की कार के शीशे तोड़ दिए और उसमें रखा सामान लूटकर ले गए। यह शख्स कार का पेट्रोल खत्म होने की वजह से एक्सप्रेस वे पर रुका था। इस वारदात की सूचना से पुलिस में खलबली मच गई। पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की पड़ताल की।
घटना के संबंध में बी-41 महाराणा प्रताप एन्क्लेव पीतमपुरा नई दिल्ली निवासी शौर्य सिंह तोमर पुत्र अमर सिंह तोमर ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्हाेंने कहा है कि वह ऑस्ट्रेलिया के नागरिक हैं। बुधवार की रात को यमुना एक्सप्रेस वे से वह अपनी कार द्वारा आगरा में नानी से मिलने जा रहे थे। यमुना एक्सप्रेस वे के माइल स्टोन 143 के निकट उनकी कार का पेट्रोल खत्म हो गया तो वह अपनी कार को सड़क किनारे रोककर खड़े हो गए।
उन्होंने अपनी लोकेशन अपने मामा को भेज दी और पेट्रोल लाने के लिए फोन पर बात कर रहे थे। तभी दो लोग उनके पास आए और कार से चाभी खींचने की कोशिश की तो उन्होंने अपनी कार के शीशे बंद कर कार को अंदर से लॉक कर लिया। थोड़ी देर बाद इन व्यक्तियों के अलावा चार-पांच लोग मुंह पर कपड़ा बांधकर आ गए। इन लोगों ने उनकी कार के अगले दोनों शीशे लोहे की रॉड मारकर तोड़ दिए और उन्हें कार से बाहर खींच लिया। इन लोगों ने उनकी कार में रखे एक एचपी का लैपटॉप, दो मोबाइल फोन, वायरलेस स्पीकर, हैडफोन, 128 जीबी की यूएसबी, पावर बैंक एवं 10 हजार रुपये नकद सामान लूटकर भाग गए। उनके मामा ने फोन पर शोर-शराबा सुन लिया और 100 नंबर पर सूचना दे दी। घटना के बाद उनके परिजन आ गए और उनको उपचार के लिए अपने साथ ले गए।