सहपऊ (हाथरस)। ताजमहल की सुरक्षा में तैनात यूपी पुलिस के सिपाही राजेश उर्फ रिंकू का शव मिलने से सहपऊ के गांव मढ़ाका में मातम पसरा हुआ है। घरों में चूल्हे नहीं जल रहे। हर कोई इस तरह रिंकू की नृशंस हत्या से हैरान है। परिजनों का तो रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के मुताबिक बीती 23 नवंबर को ही रिंकू की शादी हुई थी। शादी के चंद दिनों के बाद जीवनसाथी की विदाई से रिंकू की पत्नी सदमे में है।
उनके बड़े भाई मुकेश ने बताया कि गांव में किसी को उसकी हत्या गले से नहीं उतर रही। सभी रिंकू को अच्छी तरह से जानते-समझते हैं। किसी से कोई रंजिश नहीं होने के कारण इस वारदात को लेकर तमाम तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस पोस्टमार्टम के बाद संभवत: गणतंत्र दिवस के दिन ही सिपाही का शव लेकर गांव पहुंचेगी। पुलिस की सूचना पर परिजन आगरा पहुंच चुके हैं।
मंगलवार को ही उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। मालूम हो कि राजेश उर्फ रिंकू ताजमहल की सुरक्षा में तैनात थे और आगरा के दयालबाग में कमरा लेकर रहते थे। वह पिछले तीन दिनों से ड्यूटी से गायब थे। परिजनों ने रविवार की रात को थाना न्यू आगरा में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। सोमवार को तीन टुकड़ाें में उनका शव आगरा में उनके कमरे से बरामद किया गया।