पुरदिलनगर में घटनास्थल पर आईजी पीएसी अमित चंद्रा जानकारी करते हुए।
- फोटो : Amar Ujala
साथी की कारबाइन से चली गोलियां लगने से पीएसी जवान की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतक जवान के पुत्र ने आरोपी के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। मृतक के पुत्र ने तहरीर में कहा है कि उसके पिता रामकिशोर तिवारी का उसके फूफा के पास शाम करीब छह बजे फोन आया था कि उनके साथी केवल सिंह से झगड़ा हुआ है। इसके ठीक आधा घंटे बाद उसके पिता के साथ यह वारदात हो गई। उसे पूरा यकीन है कि आरोपी ने उसके पिता की हत्या की है।
इधर, इस घटना के बाद आईजी पीएसी अमित चंद्रा ने भी पुरदिलनगर में मौका-ए-वारदात का मुआयना किया और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी ली। उन्होंने पुलिस हिरासत में मौजूद आरोपी केवल सिंह से भी काफी देर तक बातचीत की और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। आईजी पहले पुरदिलनगर गए और उसके बाद सिकंदराराऊ कोतवाली में उन्होंने आरोपी से बात की।
गौरतलब है कि पुरदिलनगर में गोविंद भगवान मंदिर के सामने पीएसी की 15वीं बटालियन आगरा की डेल्टा कंपनी के जवानों टुकड़ी कैंप कर रही है। सोमवार की शाम को करीब साढ़े छह बजे हेड कांस्टेबल केवल सिंह निवासी कानपुर की कारबाइन से चली गोलियाें से चारपाई पर लेटे एचसीपी रामकिशोर तिवारी (53 वर्ष) पुत्र जमुना प्रसाद निवासी नगला बिहारी सौरिख कन्नौज की मौत हो गई थी।
इस मामले ने पुलिस और पीएसी के अधिकारियों को हिलाकर रख दिया। एसपी घुले सुशील समेत आला अफसरों ने मौका मुआयना किया था। आरोपी जवान को कोतवाली सिकंदराराऊ पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। 15वीं बटालियन आगरा की कमांडेंट दीपिका तिवारी व 38वीं बटालियन के कमांडेंट अनीस अहमद भी देर रात सीएचसी सिकंदराराऊ पहुंचे गए थे।