पति से अनबन के बाद एक विवाहिता दो साल के बेटे को लेकर ट्रेन के आगे कूद गई। यह तो अच्छा रहा कि ट्रेन पहले ही रुक गई और हादसा टल गया। गिरने से घायल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
लाड़पुर की रहने वाली महिला की ससुराल मथुरा जिले के नौगांव में है। पति से अनबन के बाद वह अपने दो साल के बेटे को लेकर मायके आ गई थी। मायके में कई दिन गुजारने के बाद रविवार को उसका पति नौगांव ले जाने के लिए आया। सिटी रेलवे स्टेशन पर दोनों के बीच अनबन शुरू हो गई।
महिला ससुराल न जाने की जिद कर रही थी और युवक उसे ले जाने पर अड़ा था। इसी बीच कासगंज से मथुरा जाने वाली पैसेंजर ट्रेन आ गई। महिला बागला रेलवे फाटक के पास प्लेटफार्म पर खड़ी थी। उसने ट्रेन को देखकर बच्चे के साथ प्लेटफार्म से ट्रैक पर छलांग लगा दी लेकिन ट्रेन पहले ही रुक गई। पति घायल पत्नी को लेकर जिला अस्पताल पहुंचा। बच्चे को मामूली चोट आई है। दोनों का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।