हत्या के आरोप में गिरफ्तार मां और उसके दो बेटे पुलिस हिरासत में।
- फोटो : Amar Ujala
कोतवाली सहपऊ क्षेत्र के गांव नगला मौजी निवासी घमंडीलाल के आठ वर्षीय पुत्र आकाश के अपहरण व हत्या के आरोपी तीन मां-बेटों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। यह तीनों जलेसर रोड (मानिकपुर) रेलवे स्टेशन से ट्रेन में बैठकर कही भागने की फिराक में थे। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त ईट बरामद कर ली है । पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा है।
ज्ञात रहे कि विगत 07 जनवरी को गांव नगला मौजी निवासी भूरी सिंह पुत्र सुम्मेर सिंह ने कोतवाली में उसके भतीजे आकाश पुत्र घमंडी के गुमशुदगी की तहरीर दी थी। बच्चा 6 जनवरी को गांव से ही गायब हुआ था। बच्चे का शव खेरिया एवं कोंकना कलां के मध्य ख्याली राम पुत्र होडिल सिंह के नलकूप के बोरिंग में मिला था।
मृतक के पिता ने हत्या का आरोप अपने चचेरे भाई दिनेश एवं सुभाष पुत्रगण लक्ष्मण उर्फ लोका एवं उनकी मां मिथिलेश पर लगाया था । पुलिस ने बुधवार को उपरोक्त तीनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम में कोतवाली प्रभारी अवधेश कुमार के साथ एसआई मोहित राना, हेडकांस्टेबिल सूरज कुमार ,सिपाही शशि कुमार व अजय कुमार शामिल थे ।