सादाबाद थाना क्षेत्र के गांव हसनपुरबारू में 24 सितंबर को लापता हुए 14 वर्षीय कक्षा आठ के छात्र की हत्या कर दी गई। इस छात्र के क्षत विक्षत शव को पुलिस ने पकड़े गए आरोपी किशोर की निशानदेही पर मंगलवार को गांव के जंगलों की झाड़ियों से बरामद कर लिया। पुलिस के मुताबिक किशोर ने छात्र का महंगा मोबाइल हथियाने के लालच में उसकी हत्या कर दी।
थाना क्षेत्र के गांव हसनपुरबारू निवासी मनवीर सिंह पुत्र सोरन सिंह ने थाने में 26 सितंबर को अपने 14 साल के बेटे अंकुल के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें मनवीर ने शक के आधार पर मनोज पुत्र जयपाल, श्रीमती पत्नी रामू, राजेश पुत्र राजेंद्र सिंह निवासी हसनपुरबारू, संदीप पुत्र राजन शाह निवासी कुंजलपुर थाना जलेसर को नामजद किया था। मंगलवार को पुलिस ने इस घटना का खुलासा कर दिया। एसओ केपी सिंह ने बताया कि लापता अंकुल के फोन नंबर को उन्हाेंने सर्विलांस पर लगवाया गया, जिससे पता चला कि अंकुल का महंगा मोबाइल गांव के ही 17 वर्षीय किशोर के पास था।
इस मोबाइल पर किशोर की नीयत खराब थी और वो उसे लौटाना नहीं चाहता था। इसी आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उस किशोर को पकड़ लिया। एसओ ने बताया कि किशोर ने पूछताछ में बताया कि उसने ही अंकुल को फोन कर अपने पास बुलाया था। वह अंकुल को गांव के बाहर जंगल में ले गया और वहां उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने अंकुल के शव को जंगल की झाड़ियों में फेंक दिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने मंगलवार को किशोर की निशानदेही पर जंगल की झाड़ियों से अंकुल के शव को बरामद कर लिया। शव को जंगली जानवरों ने अपना ग्रास बना लिया था, शव का सिर्फ धड़ ही धड़ बचा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।