हाथरस। कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र में एक गेस्ट हाउस में शादी समारोह के दौरान लड़की पक्ष का जेवरातों से भरा बैग गायब हो गया। बैग में करीब छह में सात लाख रुपये के जेवरात बताए जा रहे हैं। इसे लेकर पुलिस भी हरकत में आ गई है। पुलिस शादी समारोह की वीडियो रिकॉर्डिंग और गेस्ट हाउस के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। इस मामले में कैटरर्स के छह से ज्यादा कर्मचारियों को शक के आधार पर पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है। इनके परिजनों ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक डॉ.अजयपाल की गाड़ी के आगे खड़े होकर निर्दोषों को फंसाने की शिकायत की और न्याय की गुहार लगाई।
हाथरस जंक्शन क्षेत्र निवासी व्यक्ति ने अपनी पुत्री की शादी शहर के युवक के साथ तय की है। नौ मई को गेस्ट हाउस में शादी समारोह चल रहा था। इस दौरान करीब 10 बजे किसी ने लड़की पक्ष के जेवरों से भरे हुए बैग को पार कर दिया। इस बैग में दुल्हन के लिए लाए गए लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात भरे हुए थे। इनकी कीमत छह से सात लाख रुपये बताई जा रही है। घटना के बाद कार्यक्रम में खलबली मच गई। इस बारे में पुलिस को भी जानकारी दी गई। हाथरस गेट कोतवाली पुलिस ने भी सक्रियता दिखाते हुए इस घटना की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस चोरों तक पहुंचने के लिए गेस्ट हाउस के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और शादी की वीडियो रिकॉर्डिंग का भी गंभीरता से परीक्षण कर रही है। कोतवाल केपी सिंह ने बताया कि इस घटना की अभी तक तहरीर प्राप्त नहीं हुई हैं। शीघ्र ही तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले का खुलासा किया जाएगा।