हाथरस। कोतवाली चंदपा क्षेत्र के गांव कुम्हरई में हाइटेंशन लाइन से निकली चिंगारी से आग लग गई। इसमें एक मकान का घरेलू सामान, चार बुर्जी, दो बिटौरा जलकर राख हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे अग्निशमन दल ने ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू तो पा लिया, लेकिन आग से करीब दो लाख रुपये का नुकसान होने की जानकारी दी गई है।
कुम्हरई निवासी हरप्रसाद, योगेंद्र, गुलाब सिंह, हरिदत्त सिंह और रामजीलाल के गांव के नजदीकी आबादी की भूमि में बुर्जी-बिटौरा बने हुए थे। इस भूमि के ऊपर से 11 हजार वोल्टेज की विद्युत लाइन गुजर रही थी। बुधवार को इस विद्युत लाइन में अचानक हुए फॉल्ट से चिंगारी निकली, जिससे यहां चार बुर्जी और दो बिटौरा में भी आग लग गई। रामजीलाल का मकान भी आग की चपेट में आ गया। ग्रामीणों ने इस आग पर काबू पाने के प्रयास किए, लेकिन ग्रामीण कुछ भी नहीं कर पाए। अग्निशमन विभाग को इसकी सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे अग्निशमन दल ने आग पर काबू तो किसी तरह पा लिया, लेकिन जब तक ग्रामीणों का दो लाख रुपये का नुकसान हो गया। मौके पर उपजिलाधिकारी सदर केहरी सिंह भी पहुंच गए। उन्होंने राजस्व टीम को इस नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं, जिससे ग्रामीणों की आर्थिक मदद कराई जा सके।