हाथरस। जाटों को आरक्षण के मुद्दे पर आंदोलन की आग की लपटें सोमवार को हाथरस तक पहुंच गईं। जाट समाज के लोगों और रालोद पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने हाथरस-मथुरा मार्ग पर जाम लगा दिया और कलेक्ट्रेट पर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की। राष्ट्रपति के नाम एसडीएम सदर को ज्ञापन सौंपा गया।दोपहर करीब 11 बजे राष्ट्रीय लोकदल के जिलाध्यक्ष चौ. रमेश सिंह ठेनुआं के नेतृत्व में जाट समाज के सैकड़ों लोग कलेक्ट्रेट पर पहुंच गए। यहां लोगों ने नारेबाजी करते हुए हाथरस मथुरा एनएच को जाम कर दिया। पूर्व विधायक रामसरन आर्य आरक्षण की मांग को लेकर सड़क पर ही लेट गए। समाज के लोग आरक्षण की मांग करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। पुलिस ने समझा-बुझाकर जाम खुलवा दिया। इसके बाद कलेक्ट्रेट में हुए धरना-प्रदर्शन में रालोद जिलाध्यक्ष ने कहा कि जाट समाज के लोग अपना हक मांग रहे हैं, जिससे उनका सामाजिक स्तर सुधर सके। पूर्व विधायक डॉ. अनिल चौधरी ने कहा कि केंद्र की गलत नीति के कारण ही सुप्रीम कोर्ट ने आरक्षण को रद कर दिया। भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरपाल सिंह ने कहा कि हरियाणा में जाट समाज के लोगों पर किए गए अत्याचार की जितनी निंदा की जाए, कम है। तदुपरांत राष्ट्रपति के नाम एसडीएम सदर केहरी सिंह को ज्ञापन सौंपा, जिसमें हरियाणा की प्रदेश सरकार को अविलंब निलंबित किया जाए और प्रदेश में राष्ट्रपति शासन लागू किया जाए। इस मौके पर प्रमेंद्र गावर, रोहिताश सिंह, कोमल सिंह, सुरेंद्र सिंह परिहार, योेगेंद्र सिंह राना, दीपक चौधरी, अभिषेक सिंह, दीपू चौधरी, एदल सिंह वर्मा, अशोक चौधरी, अतर सिंह दरोगा, योगेंद्र राना, राजेश बब्बल, यादवेंद्र बघेल, केशव सिंह आदि काफी लोग मौजूद थे।
जाट आरक्षण बचाओ महाआंदोलन ने भेजा ज्ञापनजाट आरक्षण बचाओ महाआंदोलन के को-ऑर्डिनेटर धर्मवीर चौधरी और राष्ट्रीय महासचिव रवेंद्र सिंह ठेनुआं के नेतृत्व में राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, गृहमंत्री, सीएम और डीएम को ज्ञापन भेजा गया। इस दौरान समाज के लोगों ने रोड जाम कर दिया। ज्ञापन में मांग की गई कि नौ राज्यों में जाट आरक्षण अतिशीघ्र लागू किया जाए। कानून में वैद्यानिक संशोधन कर केंद्र में भी हटाए गए आरक्षण को पुन: बहाल किया जाए। हरियाणा में आरक्षण की मांग को लेकर शहीद हुए लोगों के परिजनों को 50 लाख रुपये व एक व्यक्ति को नौकरी दी जाए। ओलावृष्टि का मुआवजा भी शीघ्र दिया जाए। अध्यक्षता अतर सिंह दरोगा ने की। इस मौके पर चौ. शिक्की सिंह, श्याम सिंह, बच्चू सिंह, रामकिशन,राजू चौधरी, बीरी सिंह, सहाब सिंह, वीरेंद्र सिंह, रामगोपाल, दीपक, मनोज चौधरी, विष्णु चौधरी, हरेंद्र सिंह राना आदि मौजूद थे।