सिकंदराराऊ। कोतवाली क्षेत्रांतर्गत नहर खेड़िया के पास आम के बाग में विवाहिता की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका का गला कटा हुआ था। आशंका है कि दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर शव यहां फेंका गया है। हालांकि अभी तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को सील कर पोस्टमार्टम के लिए हाथरस भेज दिया है।
बता दें सुबह आम के बाग की रखवाली करने वालों ने देखा कि बाग में पेड़ के नीचे मेड़ के पास एक विवाहिता का लहूलुहान शव पड़ा हुआ है। तत्काल कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंचे कोतवाल एके सिंह ने पाया कि महिला का गला धारदार हथियार से काटा गया है। गर्दन के इर्द-गिर्द मिट्टी के काफी हिस्से में खून पड़ा था। मिट्टी के खून सोखने के कारण वह काला पड़ गया था, जिससे स्पष्ट हो रहा था कि कई घंटे पूर्व गला काटा गया था। पास ही में रक्त रंजित ब्लेड पड़ा था। युवती पीले-नीले रंग की सलवार-कुर्ती पहने हुए थी। आश्ंाका व्यक्त की जा रही है कि उसके साथ रेप करने के बाद सबूत मिटाने की गरज से हत्या की गई है। इस संबंध में कोतवाल एके सिंह का कहना था कि पीएम रिपोर्ट आने के पश्चात ही कुछ कहा जा सकता है। मामला क्या है, इसके लिए मृतका की शिनाख्त होना आवश्यक है।