कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के गांव अमरपुर घना के मजरा कुंडा में रविवार देर रात छह बदमाश तीन भाईयों के घरों में चोरी के इरादे से घुस गए। चोरी करने के दौरान परिवार के लोग जाग गए और उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया। बदमाशों ने घर में रखे हथौड़े से एक भाई रामनिवास उर्फ बॉबी पर हमला बोल दिया। बौबी को गंभीर रूप से घायल करने के बाद आरोपियों ने घर में रखे जेवरात, नकदी, कपड़े और बर्तन तक लूट लिए। पुलिस ने बलपूवर्क चोरी करने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कुंडा निवासी जवाहरलाल के तीन बेटे संजय, बौबी और धर्मेंद्र हैं। तीनों के घर पास-पास एक ही परिसर में बने हुए हैं। बेटे संजय परचून की दुकान करते हैं। संजय का कहना है कि रात को ढाई बजे सभी सोए हुए थे तभी नकाबपोश बदमाश घर में चोरी-छिपे घर में घुस आए। इस दौरान बौबी उर्फ रामनिवास की आंख खुल गई। उसने परिवार के दूसरे सदस्यों को जगा लिया और बदमाशों को ललकाराने लगा। इस पर आरोपियों ने उसके सिर पर कई किलोग्राम वजनी हथौड़ा दे मारा जिससे उसका सिर फट गया और वह बेहोश हो गया। संजय ने बताया कि अगर बौबी बेहोश नहीं होता तो आरोपी उसके सिर पर दोबारा हथौड़ा मारने जा रहे थे, लेकिन एक बदमाश ने ऐसा करने से मना कर दिया।
बौबी पर हमले के बाद सदमे में आए परिजनों ने चुप्पी साध ली और बदमाशों को घर में लूट करने दी। बदमाशों ने घर में रखे 20 हजार रुपये के अलावा सोने, चांदी के जेवरात, कपड़े, पीतल के बर्तन के अलावा ढाई किलो चीनी भी ले गए जो रविवार रात को ही संजय बाजार से लेकर आए थे। बदमाशों के जाने के बाद संजय ने यूपी 100 को सूचना दी जिसके बाद थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और बौबी को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। उसके सिर में 12 टांके आए हैं। कोतवाल अनिल कुमार सिंह का कहना है कि बदमाश चोरी करने आए थे। परिजनों के जाग जाने से बदमाशों न हमला बोल दिया। आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी गई है।