लाला का नगला झगडे़ का एक और आरोपी लिया पुलिस ने हिरासत में।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो हाथरस
हाथरस। लाला का नगला उपद्रव में सदर कोतवाली पुलिस ने शनिवार को पांचवें आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने जाकिर के भाई नासिर पुत्र लियाकत अली को दबिश के दौरान दबोच लिया। इससे पहले जाकिर, सईद, असगर और सगीर को पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
लाला के नगला में बीते बुधवार और गुरुवार को हुए पथराव, फायरिंग में पुलिस ने चार मुकदमे दर्ज किए थे, जिनमें सौ से ज्यादा लोगों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने अभी तक पांच लोगों को जेल भेजा है। बाकी फरार हैं। मालूम हो कि लाला के नगला में पुलिस चौकी के पास गाड़ी खड़ा करने के विवाद में दो पक्ष आमने सामने आ गए थे। पुरानी रंजिश और वर्चस्व की जंग में जमकर मारपीट, पथराव और फायरिंग हुई थी। जिसमें तीन निर्दोष लोगों को छर्रे लग गए थे।
शनिवार को भी इलाके में सन्नाटा पसरा रहा और पीएसी तैनात रही। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। घरों की तलाशी ली जा रही है। दबिश के डर से कई घरों से लोग पलायन कर चुके हैं। घरों पर ताले पड़े हुए हैं या फिर खामोशी का राज है। जल्द और कुछ आरोपियों के गिरफ्तार होने की उम्मीद पुलिस जता रही है।