कोतवाली के पास समाज कल्याण मार्केट में चोरों ने एक मोबाइल की दुकान से 72 हजार रुपये नकद और हजारों रुपये के मोबाइल चोरी कर ले गए। पीड़ित ने इस संबंध में तहरीर दी है। पुलिस के रवैये से परेशान दुकानदारों ने नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
क्षेत्र के ग्राम नगलर मेवा निवासी मोन प्रकाश पुत्र धर्मपाल सिंह पूर्व प्रधान कोतवाली के पास ही समाज कल्याण मार्केट में तरुण मोबाइल एवं रिपेयरिंग सेंटर के नाम से दुकान करता है। वह रोजाना की तरह गुरुवार की शाम के साढ़े छह बजे दुकान बंद करके घर चला गया। शाम के समय ही उसने कमेटी से उठाए 72 हजार रुपये दुकान के गल्ले में रख दिए थे। शुक्रवार की सुबह ही पड़ोसी टेंट वाले दुकानदार ने उसे फोन करके बताया कि उसकी दुकान की शटर की पास वाली दीवार की किसी ने ईंटें निकाल दी हैं, शायद ऐसा लगता कि रात को किसी ने कोई ऐसी हरकत की है। ऐसा सुनते ही मोन प्रकाश गांव से भागा चला आया।
आकर दृश्य देखते ही उसके होश उड़ गए। शटर खोलकर देखने पर पता लगा कि उसके 15 मोबाइल जिनकी कीमत 15 हजार रुपये थी एवं गल्ले में रखे 72 हजार रुपये गायब थे । उसने अपनी दुकान में सीसीटीवी कैमरे भी लगा रखे थे। चोर काफी होशियार थे, उन्होंने पहले दुकान में रखे कंप्यूटर को फारवर्ड किया और सीसीटीवी कैमरे के तार काट दिए। पीड़ित ने चोरों के नाम कोतवाली में तहरीर दे दी है। दुकानदारों का कहना है कि जब पुलिस से इस संबंध में शिकायत की तो पुलिस ने कह दिया कि दुकानदार खुद की अपनी दुकानों की सुरक्षा खुद करें। तो दुकानों ने कोतवाली के बाहर विरोध प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। व्यापार मंडल ने भी चोरियों को शीघ्र खुलासा करने की मांग की है।
ज्ञात हो 25 नवंबर को कोतवाली के सामने ही जनता इंटर की एक दुकान में ऐसे ही कूमल लगाकर चोरी की थी। पुलिस आजतक उस चोरी का खुलासा नहीं कर सकी है ।विरोध प्रदर्शन करने वालों में ग्याप्रसाद, धर्मपाल सिंह, विमल कुमार , दिलीप कुमार, मनोज कुमार, तन्नू , भोला , पुनीत कुमार , हरी शंकर , सुनील कुमार , पुप्पेंद्र कुमार, संकेत कुमार , राजा, अजय मेहरा आदि थे ।