सासनी में बाइक सवार लुटेरों ने एक किशोर की कनपटी पर तमंचा तानकर उसकी मां से सारे गहने उतरवा लिए। दिनदहाड़े हुई लूट की इस वारदात से पुलिस महकमे में खलबली मच गई। हाल के दिनों में सासनी में लूट की यह तीसरी वारदात है। पुलिस मुकदमा दर्ज करने की खानापूरी करने के बाद जांच में जुटने की बात कह रही है।
अलीगढ़ की रहने वाली अनीता पत्नी अजय राघव शनिवार को 12 वर्षीय बेटे अर्पित के साथ सासनी थाना क्षेत्र के गांव हर्दपुर में अपने मायके जा रही थीं। वह अलीगढ़ से सासनी बस स्टैंड तक बस से पहुंची और यहां से वह अपने भाई अंकित चौहान पुत्र इंद्रजीत चौहान के साथ बाइक से घर जा रही थीं। दोपहर करीब 12 बजे सासनी-इगलास रोड से गांव के लिए जा रहे लिंक रोड से पहले ही पीछे से आए तीन नकाबपोश बदमाशों ने अपनी बाइक अंकित की बाइक के आगे लगाकर उन्हें रोक लिया। इससे पहले अंकित कुछ समझ पाते आरोपियों ने तमंचा निकालकर अर्पित की कनपटी पर रख दिया। अर्पित को जान से मारने की धमकी देते हुए उन्होंने उसकी मां अनीता और मामा अंकित को बेहद डरा दिया।
आरोपियाें ने अनीता से जेवर उतारने को कहा। बेटे की जान की सलामती के लिए अनीता ने बिना देर किए सोने की दो झुमकी, मंगलसूत्र, दो अंगूठी उतारकर आरोपियों के हवाले कर दीं। आरोपियों ने जाने से पहले अंकित का मोबाइल फोन छीन लिया और उसकी बाइक की चाबी भी निकाल ली। लूट की इस वारदात के बाद अंकित ने एक राहगीर के फोन से यूपी 100 को सूचित किया। सूचना मिलने के बाद सासनी पुलिस में खलबली मच गई। मौके पर थाने का फोर्स भेजा गया और बाइक सवार लुटेरों की तलाश की गई, लेकिन वह हाथ नहीं आए। कोतवाल प्रदीप कुमार का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर आरोपियाें की तलाश की जा रही है।