बुधवार को धुंध और कोहरे ने जिले की सड़कों पर कहर बरपाया। धुंध के चलते दृश्यता कम होने के कारण जिले में कई जगह सड़क दुर्घटनाएं हुईं। सिकंदराराऊ रोड पर सलेमपुर के पास गैस के टैंकर से कुचलकर स्कूटी सवार प्रधानाध्यापिका की मौत हो गईं। सासनी, मुरसान, मेंडू क्षेत्र में भी धुंध और कोहरे के कारण हुए हादसों में कई लोग घायल हो गए।
यशोराज लक्ष्मी पत्नी सुमन कुमार सिंह निवासी गड़ोला हाल निवासी आदर्श नगर हाथरस हसायन ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय संख्या तीन में प्रधानाध्यापक थीं। वह प्रतिदिन स्कूटी से स्कूल जाती थीं। बुधवार की सुबह भी वह स्कूल जाने के लिए घर से निकलीं। कोहरा और धुंध के कारण रोड पर दृश्यता काफी कम थी। चश्मदीदों ने बताया कि गांव सलेपुर के पास खड़े एक वाहन को ओवरटेक करने के दौरान सामने से आ रहे गैस टैंकर ने उन्हें रौंद दिया। शिक्षिका की कुछ देर तड़पने के बाद मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी होने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शिक्षिका को बागला जिला अस्पताल को उपचार के लिए भी भिजवाया, लेकिन यहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनाें के सुपुर्द कर दिया। हादसे के बाद टैंकर चालक फरार है, किंतु पुलिस ने टैंकर को अपने कब्जे में लिया है। परिजनों की तहरीर के बाद पुलिस ने टैंकर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।