हाथरस। चंदपा थाने में झींगुरा के दो पक्षों के बीच शुक्रवार को हुई मारपीट और पथराव के बाद पुलिस की कार्रवाई से एक पक्ष में आक्रोश है। शनिवार को बड़ी संख्या में इस पक्ष की महिलाएं एसपी आवास पहुंचीं। महिलाआें ने कहा कि चुनाव में हारने के बाद विपक्षी लगातार उनके लोगों को परेशान कर रहे हैं। चंदपा थाने में वकीलों के बवाल के बाद पुलिस ने दबाव में झूठे मुकदमे दर्ज कर लिए। इनमें से कई ऐसे लोगों का नाम शामिल है, जो दूसरे शहरों में कामकाज करते हैं और घटना के वक्त गांव थाने में नहीं थे। एसपी ने सभी को उचित और निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
झींगुरा की प्रधान गुड़िया देवी पत्नी नागेंद्र ने एसपी को बताया कि एक प्रत्याशी का पति पंचायत चुनाव में हारने पर बौखला गया है। वह हिस्ट्रीशीटर है। चार फरवरी की रात को रसमई गई बारात से लौटने के बाद आरोपी ने शैलेंद्र पुत्र प्रेमपाल के साथ मारपीट की और फायर कर दिया। शैलेंद्र बाल-बाल बच गया। इसके बाद आरोपी ने अपने साथियों के साथ गांव के कई लोगों के साथ मारपीट की। इसकी सूचना ग्रामीणों ने पुलिस कंट्रोल रूम को 100 नंबर पर भी दी थी। प्रधान ने बताया कि कार्रवाई नहीं होने पर वह शुक्रवार सुबह सभी पीड़ित ग्रामीणों को लेकर थाने गई थी। यहां पहले से मौजूद दूसरे पक्ष के लोगों ने उनके पति नागेंद्र को देखते ही उनके तमाचा जड़ दिया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। प्रधान गुड़िया ने कहा है कि मारपीट में उनके लोगों को गंभीर चोट आईं, लेकिन उनका डॉक्टरी मुआयना नहीं कराया गया। उनके वाहनों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
गांव में तनाव भरी खामोशीचंदपा थाने में हुए बवाल के बाद झींगुरा में तनाव भरी खामोशी छा गई है। 40 से ज्यादा ग्रामीणों के नामजद होने के बाद पुलिस कई बार गांव में दबिश दे चुकी है। ज्यादातर आरोपी फरार हैं। भिड़ने वाले दोनों ही पक्ष गांव के हैं। हर कोई शुक्रवार को हुई घटना को लेकर अफसोस जता रहा है। सुरक्षा की दृष्टि से गांव में फोर्स तैनात किया गया है। वहीं थाने में एसओ क ो लाइन हाजिर किए जाने के बाद उनकी जगह नए एसओ की तैनाती अभी तक नहीं की गई है। एसएसआई सरश चंद्र पर ही थाने का जिम्मा है।
रेवेन्यू बार ने लगाया जाम, अल्टीमेटमहाथरस। रेवेन्यू बार एसोसिएशन ने चंदपा थाने में वकीलों पर हुए हमले के विरोध में शनिवार सुबह तहसील के बाहर नेशनल हाईवे को जाम कर दिया। हालांकि कुछ देर बाद यह जाम खोल दिया गया। ऐसोसिएशन के अध्यक्ष गिरीश चंद्र गौड़ ने इस संबंध में आयेाजित बैठक में कहा कि चंदपा थाने में पुलिस और गांव के लोगों ने वकीलों के साथ जो बर्ताव किया, वह निंदनीय है। एसोसिएशन ने चंदपा थाने के लाइन हाजिर एसओ की बर्खास्तगी और ग्रामीणों की गिरफ्तारी के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। बैठक में भूपेंद्र कुमार शर्मा, लाखन सिंह, अवधेश कुमार, अमित कुमार उपाध्याय, मोहन सिंह, रूप किशोर कर्दम, सुदर्शन शर्मा, बृजकांत, उमेश चंद्र शर्मा, राजपाल सिंह पूनिया आदि मौजूद थे।
डिस्ट्रिक्ट बार ने मनाया विरोध दिवसहाथरस। डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन ने चंदपा थाने में वकीलों के साथ हुई मारपीट को लेकर बैठक की और विरोध दिवस मनाया। अध्यक्षता अध्यक्ष एडवोकेट अशोक शर्मा ने की। शर्मा ने कहा कि जिस तरह थाने में पुलिस की निष्क्रियता के कारण वकीलों पर हमला किया गया, उससे अधिवक्ताओं में गहरा रोष है। बैठक में मौजूद सभी वकीलों ने घटना की निंदा की।