आरोपी हेड कांस्टेबल केवल सिंह।
- फोटो : अमर उजाला
पुरदिलनगर में कैंप कर रही पीएसी के शिविर में सोमवार की शाम गोलियां लगने से हेड कांस्टेबिल रामकिशोर तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई। यह फायरिंग साथी जवान द्वारा अपनी कारबाइन में मैगजीन लोड करते समय हुई। घटना के समय रामकिशोर चारपाई पर लेटा हुआ था। साथी जवान आनन-फानन उसको लेकर सीएचसी सिकंदराराऊ पहुंचे जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस अधीक्षक सुशील घुले ने बताया कि 15वीं बटालियन आगरा की डेल्टा कंपनी के जवानों की एक टुकड़ी हमेशा की तरह पुरदिलनगर के मंदिर के पास कैंप कर रही है। सोमवार की शाम को करीब साढ़े छह बजे हेड कांस्टेबल केवल सिंह निवासी कानपुर देहात अपनी कारबाइन में मैगजीन लोड कर रहा था। तभी अचानक कारबाइन से तीन गोलियां चल गईं। यह गोलियां चारपाई पर लेटे एचसीपी रामकिशोर तिवारी (53 वर्ष) पुत्र जुमनाप्रसाद निवासी नगला बिहारी सौरिख कन्नौज के पेट में दायीं तरफ लगीं।
आनन-फानन अन्य जवान उपचार के लिए रामकिशोर को लेकर सीएचसी सिकंदराराऊ पहुंचे। वहां मौजूद चिकित्सक ने उसको मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर पुलिस अफसर भी सीएचसी पहुंच गए। उनके अलावा 15वीं बटालियन आगरा की कमांडेंट दीपिका तिवारी व 38वीं बटालियन के कमांडेंट अनीस अहमद भी सीएचसी पहुंच गए। घुले ने कहा कि उन्होंने भी जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम मौके पर भेजी जा रही है, वह जांच करेगी।
एक दिन पहले ही आया था रामकिशोर
गोली से मृत एचसीपी रामकिशोर तिवारी 24 जून को ही अलीगढ़ से यहां आया था। मृतक के परिवार को सूचना दे दी गई है। मृतक का 22 वर्षीय बड़ा बेटा बीएससी का छात्र है।