चंदपा क्षेत्र के गांव कोका में घर के बाहर बैठे तीन लोगों पर गांव के ही एक युवक ने तमंचे से गोली चला दी। इस जानलेवा हमले में तीनों लोग बाल-बाल बच गए। हालांकि इस दौरान किसी ने इस हमले का वीडियो बना लिया, जो कुछ ही देर में वायरल हो गया। पुलिस के हाथ सुबूत लगते ही आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया और मुख्य आरोपी की तलाश में चंदपा पुलिस जुट गई।
कोका निवासी मोहम्मद आरिफ खां पुत्र पंजाबी खां के मुताबिक उनकी गांव के कुछ लोगों से रंजिश चल रही है। शनिवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे वह अपने भतीजे शाहिद पुत्र रहीम बख्श और चाचा जलालुद्दीन के साथ घर के बाहर बैठे हुए थे। इस दौरान वहां से निकले गफ्फार पुत्र काले खां उर्फ कलेक्टर से उनकी कहासुनी हो गई।
गफ्फार और उसके परिजनों से मोहम्मद आरिफ के परिवार की पुरानी रंजिश है। कहासुनी के बाद गफ्फार अपने सगे भाई फिरोज, शाहिद, शाकिर और मोबिन आदि को लेकर उनके घर पहुंच गया। भाइयों का इशारा पाते ही गफ्फार ने तीनों पर गोली चला दी। इस हमले में तीनों बाल-बाल बच गए। शोर मचाने पर गांव के लोग इकट्ठा हो गए, जिन्हें देखकर आरोपी भाग निकले। इस हमले का वीडियो एक ग्रामीण ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया। इस वीडियो में गफ्फार हाथ में तमंचे से फायरिंग करता साफ दिखाई दे रहा है। वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। कोतवाल चंदपा विनोद कुमार ने बताया कि इस मामले में सभी आरोपियों के विरुद्ध जानलेवा हमले के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। मुख्य आरोपी गफ्फार की तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।