हाथरस। सिटी स्टेशन पर बुधवार दोपहर को एक छात्रा और महिला कांस्टेबल के बीच मारपीट हो गई। छात्रा अपने गांव जाने के लिए ट्रेन का इंतजार कर रही थी और एक बैंच पर बैठी थी। दोनों पैसेंजर ट्रेन गुजरने के बाद भी जब छात्रा वहीं बैठी रही तो जीआरपी की महिला कांस्टेबल से उससे बैठे रहने का कारण पूछा।
इस पर छात्रा को गुस्सा आ गया। दोनों के बीच नोकझोंक हुई और कुछ देर बाद छात्रा कांस्टेबल से भिड़ गई। उसे बचाने आई दूसरी कांस्टेबल से भी छात्रा ने हाथापाई की। इसके बाद जीआरपी के जवानों ने छात्रा को हिरासत में ले लिया और थाने ले आए।
यहां छात्रा के परिजनों ने कांस्टेबल से क्षमा याचना की और लिखित माफीनामा दिया। इसके बाद पुलिस ने छात्रा का चालान काटकर उसे छोड़ दिया।