गुुुरुवार की प्रात: एटा रोड पर मंडी समिति के निकट रोडवेज बस की टक्कर से पैदल गांव जा रहे युवा किसान की मौके पर मौत हो गई। पुलिस ने रोडवेज बस को कस्टडी में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार एटा रोड स्थित गांव फुलरई निवासी 22 वर्षीय दीपक पुत्र योगेंद्र सिंह सिकंदराराऊ कस्बे में किसी काम से आया था। दोपहर लगभग 11 बजे वो पैदल गांव जा रहा था, तभी एटा की तरफ से अलीगढ़ जा रही फर्रुखाबाद डिपो की रोडवेज बस ने दीपक में जोरदार टक्कर मारी। टक्कर के फलस्वरूप दीपक के सर में गंभीर चोटें आई तथा उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मौत की खबर जैसे ही गांव में पहुंची भारी संख्या में ग्रामीण तथा मृतक के परिजन आ गए। कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई तथा रोडवेज बस को कब्जे में ले लिया। मृतक का शव सीएचसी लाया गया, जहां से पंचनामा भर पीएम के लिए भेज दिया गया। युवा की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मामले की रिपोर्ट रोडवेज बस चालक के खिलाफ दर्ज करा दी गई है।