कोतवाली सिकंदराराऊ पुलिस और एसओजी टीम ने पशु चोर गिरोह के आठ सदस्यों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पकड़े गए बदमाशों के कब्जे से चोरी की भैंसों की बिक्री और चोरी की अन्य घटनाओं से जुटाई गई 80 हजार रुपये की नकदी और चोरी किया गया एक मोबाइल, 315 बोर के तीन तमंचे व कारतूस और पांच चाकू भी बरामद किए गए हैं। एसपी ने पुलिस टीम को पांच हजार रुपये का नकद ईनाम देने की घोषणा की है।
एसपी घुले सुशील कुमार के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. अरविंद कुमार के नेतृत्व में जिले की पुलिस द्वारा बदमाशों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी को लेकर पुलिस दल सिकंदराराऊ के पंत चौराहे पर बदमाशों की तलाश में खड़ा था। तभी पुलिस को सूचना मिली की बाजीदपुर की ओर भटीकरा बंबे पर एक पिकअप गाड़ी जा रही है, जो बिना नंबर की है। इसका इस्तेमाल पशु चोरों द्वारा किया जा रहा है।
पुलिस ने इस सूचना पर एसओजी टीम के साथ संयुक्त रूप से मौके पर पहुंचकर रात्रि में करीब 2.30 बजे बदमाशों की घेराबंदी की। पुलिस टीम को देखकर बदमाशों ने फायर किए। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। पुलिस ने घेराबंदी कर बदमाशों को दबोच लिया।
दिलशाद उर्फ बेदा निवासी निधौली कलां एटा को पकड़कर इसके कब्जे से एक तमंचा मय दो खोखा, तीन जिंदा कारतूस बरामद किए। तलाशी में इनकी जेब से 24 हजार रुपये की नकदी भी मिली। बलुआ उर्फ भालू निवासी उमरावपुर कोतवाली सिकंदराराऊ से एक तमंचा मय खोखा एक जिंदा कारतूस, फैजान निवासी उमरावपुर सिकंदराराऊ से तमंचा, एक खोखा, तीन कारतूस जिंदा और 3,850 रुपये, मधुमक्खी पालन करने वाले से लूटा गया मोबाइल, गुलफाम निवासी मकदूमनगर देहली गेट अलीगढ़ से एक चाकू और 9,150 रुपये, कटकुआ निवासी उमरावपुर सिकंदराराऊ से एक चाकू और 8,250 रुपये, नेपाली निवासी शहबाजपुर निधौली कलां एटा से एक चाकू और 4,750 रुपये, आसीन निवासी फतेपुर कोतवाली नारखी फीरोजाबाद से एक चाकू, 4,500 रुपये, मुश्ताक निवासी गोला सूरजपुर कोतवाली बागवाला एटा से चाकू बरामद किया।
एएसपी ने बताया कि बदमाशों ने पूछताछ में बताया कि उनके भागे हुए साथियों के नाम अली शेर, पाली और बगले उर्फ लोलू निवासीगण शहबाजपुर निधौली कलां एटा हैं। बदमाशों ने यह भी बताया कि वह पेशेवर पशु चोर हैं। बदमाशों ने सिकंदराराऊ के गांव पचौं से दो भैंस चोरी करने एवं किसान की हत्या करने की बात भी कबूली है। बदमाशों ने बताया कि चोरी की गई भैंस उन्होंने फीरोजबाद में बेचकर यह रकम हासिल की थीं। बदमाशों ने मधुमक्खी पालन करने वाले से मोबाइल फोन और 32 हजार रुपये नकद लूटने की भी स्वीकारोक्ति की है।
पुलिस टीम में यह थे शामिल
एसएचओ सिकंदराराऊ प्रमोद कुमार द्विवेदी, एसओजी प्रभारी एसआई महेशचंद्र यादव, एसएसआई मोहम्मद असलम, एसआई प्रमोद कुमार, एसआई वैश अहमद, एसआई ललित कुमार शर्मा, कांस्टेबिल शीलेश कुमार, राजेश कुमार, लाखन सिंह, प्रदीप कुमार, अरविंद कुमार, वीरेंश कुमार, उपेंद्र कुमार, भूपेंद्र राघव, गिरीशचंद, नागेश सिंह, सचिन कुमार आदि प्रमुख थे।